🔳 सात फरवरी को कैंची मंदिर सभागार में प्रस्तावित है कार्यक्रम
🔳 विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के साथ ही लिए जाएंगे सुझाव
🔳 कैंची धाम में धारण क्षमता व पंजीकरण व्यवस्था को गतिमान है सर्वे कार्य
🔳 अर्थ व सांख्यिकी तथा पर्यटन विभाग जुटा रहा आंकड़े
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

देश विदेश के लाखों श्रद्धालुओं के आस्था के केंद्र सुप्रसिद्ध कैंची धाम में राज्य सरकार से करवाए जा रहे भार वहन क्षमता सर्वेक्षण के दूसरे चरण में कैंची धाम ट्रस्ट सदस्यों, स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों के बीच आश्रम सभागार में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा होगी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बकायदा इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को चर्चा में प्रतिभाग को निर्देशित कर दिया है।
कैंची धाम में देश विदेश से रोजाना हजारों श्रद्धालु बाबा नीम करौरी के दर पर मत्था टेकने पहुंचते है‌। बाबा भक्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होने से श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सके इसके लिए राज्य सरकार कैंची क्षेत्र में करोड़ों रुपये के बजट से कई महत्वपूर्ण कार्य करवा रही है। वहीं श्रद्धालुओं की संख्या का सटीक अंदाजा लगाने व भार वहन क्षमता के सर्वेक्षण को अर्थ व सांख्यिकी विभाग तथा पर्यटन विभाग सर्वे कर आंकड़े जुटाने में लगा है। अब दूसरे चरण में विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों, टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल तथा स्थानीय लोगों के बीच ग्रुप डिस्कशन यानी विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा प्रस्तावित है। प्रस्तावित चर्चा के मद्देनजर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगो को चर्चा में प्रतिभाग करने को निर्देश जारी कर दिए है। जिला अर्थ व सांख्यिकी अधिकारी डा. मुकेश सिंह नेगी के अनुसार ग्रुप चर्चा सात फरवरी को सुबह ग्यारह बजे से कैंची आश्रम सभागार में प्रस्तावित है। चर्चा के माध्यम से लोगों की राय, अनुभव, विचारों का आदान-प्रदान, समस्याओं के समाधान के साथ ही सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। चर्चा में प्रशासन, मंदिर प्रबंधन ट्रस्ट सदस्य, स्थानीय लोग, व्यापारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे।