🔳 भागदौड़ भरी जिंदगी में गांव पहुंचकर करते हैं अभिनय
🔳 भारतीय सेना में सेवा दे रहे युवा भी छुट्टी लेकर पहुंचते हैं गांव
🔳 पचास वर्ष पूर्व बजेडी गांव में हुआ था रामलीला मंचन का श्रीगणेश
🔳 गांव में रहने वाले प्रत्येक परिवार के सदस्य देते हैं अहम योगदान
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के बजेडी गांव की ऐतिहासिक रामलीला क्षेत्र में विशेष पहचान रखती है। दूरदराज के गांवों से भी ग्रामीण रामलीला मंचन का लुत्फ उठाने पहुंचते हैं। वर्ष 1973 से शुरु हुई रामलीला प्रत्येक वर्ष भव्य रुप लेती जा रही है। खास बात यह है की रोजगार के सिलसिले से गांवों से बाहर रहे युवा प्रत्येक वर्ष मंचन में भागीदारी को गांव पहुंचते हैं।
कोसी घाटी में बजेडी गांव के साथ ही गरमपानी, कफूल्टा, सिल्टोना, दड़माडी, बेतालघाट, बसगांव समेत तमाम गांवों में रामलीला मंचन होता है। सभी क्षेत्रों की रामलीला का इतिहास वर्षों पुराना रहा है। बजेडी गांव की रामलीला का श्रीगणेश संसाधनों के अभाव में वर्ष 1973 में किया गया। लालटेन की रोशनी से शुरु हुआ मंचन आज भव्य रुप ले चुका है। सब्जी उत्पादक पट्टी के नाम से विख्यात बजेडी गांव की रामलीला एकजुटता का प्रतीक भी है। खास बात यह है की रामलीला की पहली बैठक के साथ ही गांव के प्रत्येक परिवार के सदस्य तैयारी में जुट जाते हैं। रोजगार व अन्य कारणों से गांव से सैकड़ों हजारों किमी दूर रहने वाले प्रवासी तक गांव पहुंचकर मंचन में अहम योगदान देते हैं। कई प्रवासियों के साथ ही भारतीय सेना में सेवा दे रहे युवा भी छुट्टी लेकर गांव पहुंचते हैं तथा अपने हिस्से में आए किरदार को मंच पर निभाते हैं। रामलीला कमेटी से जुड़े श्याम सिंह कार्की के अनुसार गांव के लोगों के साथ ही प्रवासी युवा रामलीला मंचन में अहम योगदान देते हैं। यह सिलसिला कई वर्षों से चला आ रहा है।




