= लंबे समय से बिजली की आंख मिचौली बनी परेशानी
= पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
= विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर उठिए सवाल
= जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे तमाम गांवों में विद्युत व्यवस्था ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। बीस घंटे तक आपूर्ति ठप रहने से करीब आठ सौ से भी अधिक उपभोक्ताओं को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। लंबे समय से अव्यवस्था हावी होने से पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों का पारा भी चढ़ने लगा है। लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
हाईवे से सटे सूरी, गडस्यारी, पडयूला, वलनी, खान, पजीना, जनता, सुनियाकोट, बेड़गांव, काकड़ीघाट समेत तमाम गांवों में लंबे समय से विद्युत आपूर्ति बड़ी समस्या बन चुकी है। बिजली की आंख-मिचौली से गांवों के लोग परेशान है। व्यापारियों को भी खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। बीते मंगलवार दोपहर लगभग तीन बजे के आसपास गांवों में आपूर्ति ठप हो गई। रात भर दर्जनों गांवों अंधेरे में डूबे रहे। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई। सुबह बामुश्किल 11 बजे के आसपास आपूर्ति सुचारु होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बीस घंटे आपूर्ति ठप रहने से दुकानों में फ्रिज में रखे सामान के खराब होने से व्यापारियों को नुकसान भी उठाना पड़ा। क्षेत्र पंचायत सदस्य राम सिंह परिहार ने आरोप लगाया की कई बार कहने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा। आए दिन आपूर्ति प्रभावित रहने से गांवों के लोग परेशान है पर विद्युत विभाग सुध नहीं ले रहा। पंकज परिहार, तारा सिंह, कैलाश राम, मनोज बिष्ट, कुनाल रावत, दिलिप बिष्ट, विजय सिंह, पूरन सिंह, नारायण सिंह, दिलिप सिंह आदि ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई है। चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो फिर आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।

error: Content is protected !!