🔳चार वर्षो से जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर पर्यटक व यात्री
🔳करोड़ों के मिले बजट में कार्य प्रस्तावित ना होने पर लोगों में नाराजगी
🔳एनएच प्रशासन पर लगाया जनहित से खिलवाड़ का आरोप
🔳सहायक अभियंता बोले – 40 करोड़ की डीपीआर बनाकर सरकार को भेजी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर अतिसंवेदनशील लोहाली क्षेत्र में करीब सात सौ मीटर दायरे में हालात सुधरने के नाम नहीं ले रहे हैं। बदहाल हाइवे पर यात्री जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। हाइवे की मरम्मत को मिले बजट में भी सात सौ मीटर दायरे में कोई कार्य प्रस्तावित न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार लोहाली के लिए करीब चालीस करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर मंत्रालय को भेजी गई है। स्वीकृत मिलते ही कार्य शुरु कर दिया जाएगा।
कुमाऊं के महत्वपूर्ण हाइवे की हालत दयनीय बनी हुई है। सड़क व भूतल मंत्रालय से हाइवे की मरम्मत व डामरीकरण को लगभग 39 करोड़ रुपये अवमुक्त हो चुके हैं बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। सबसे ज्यादा विकट हालात लोहाली क्षेत्र में बने हुए हैं। जहां हाइवे का सात सौ मीटर हिस्सा खस्ताहाल है तो वहीं दरकती पहाड़ी खतरे का सबब बनी हुई है। ये हालत चार वर्ष पूर्व आई आपदा के बाद से ही नहीं सुधर सके हैं। यात्री व पर्यटक जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। खस्ताहाल सड़क के कारण कई वाहनों में तकनीकी खराबी भी आ जा रही है। सड़क व भूतल मंत्रालय से बजट के बाद हालत में सुधार की उम्मीद जगी थी पर अब वो भी धूमिल हो चुकी है। वर्तमान में मिले बजट से लोहाली पर सात सौ मीटर हिस्से में एक भी कार्य प्रस्तावित नहीं है। यहां के लिए अलग से करीब चालीस करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर मंत्रालय को भेजी गई है। जिसकी लिए बजट की स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। लोहाली क्षेत्र में वर्तमान में कोई भी बजट उपलब्ध न होने से क्षेत्रवासियों ने गहरी नाराजगी जताई है। महेंद्र सिंह, विक्रम सिंह बिष्ट, मनोज नैनवाल, हीरा सिंह बिष्ट, कुलदीप सिंह आदि ने आरोप लगाया है की खस्ताहाल हाइवे संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली उजागर कर रहा है। लोगों ने सुगम आवाजाही को फिलहाल सात सौ मीटर दायरे में डामरीकरण किए जाने की मांग उठाई है। इधर एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार लगभग 40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद लोहाली क्षेत्र में पहाड़ी व नदी क्षेत्र की ओर सुरक्षा के कार्य शुरू कराए जाएंगे।




