◾आधा दर्जन गांवों के पचास से ज्यादा उपभोक्ताओं को नुकसान
◾ग्रामीणों ने लगाया विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप
◾ मुआवजा देने की मांग, उपेक्षा पर आंदोलन की चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में हाईवोल्टेज बड़ी समस्या बन गई है‌। आए दिन विद्युत लाइनों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ने से विद्युत उपकरण फुंक जा रहे हैं जिससे ग्रामीणों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले ही नुकसान उठाने के बाद अब एक बार फिर हजारों के उपकरण फुंकने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है।
बेतालघाट ब्लॉक के सोनगांव, बसगांव, मलयालगांव, नेगुडा़, तडी़, जिनौली आदि गांवों में एकाएक विद्युत लाइनों में हाईवोल्टेज कंरट दौड़ने से कई ग्रामीणों के टीवी, पंखे, एलईडी बल्ब, रिसीवर आदि फुंक गए। विद्युत उपकरणों के फुंक जाने से गांवों के बाशिंदों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य इंदर सिंह बोहरा ने आरोप लगाया है की विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा गांव के बाशिंदों को उठाना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले भी हाईवोल्टेज से विद्युत उपकरणों में खराबी आई थी। अब दोबारा हाईवोल्टेज से पचास से अधिक लोगों के विद्युत उपकरण फुंक गए हैं। लगातार गांव के लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है बावजूद संबंधित विभाग व्यवस्था में सुधार को ठोस कदम नहीं उठा रहा जिस कारण आए दिन नुकसान उठाना पड़ रहा है। विद्युत आपूर्ति भी ठप हो चुकी है बावजूद विद्युत विभाग कुंभकरणीय नींद में है। स्थानीय विक्रम सिंह बोहरा, आन सिंह, मोहन सिंह, राम सिंह, दीवान सिंह आदि ने ग्रामीणों को हुए नुकसान का मुआवजा देने तथा व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो फिर गांव के लोगों को साथ लेकर आंदोलन शुरु कर दिया जाएगा।

error: Content is protected !!