◾पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रभागीय वनाधिकारी को भेजा ज्ञापन
◾कभी भी बड़ी घटना सामने आने का जताया अंदेशा
◾ गांवों में पिंजरा लगा गुलदार के आंतक से निजात दिलाए जाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवों में गुलदार की घुसपैठ बढ़ने से ग्रामीण खौफजदा हैं। बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से सटे गांवों में भी गुलदार की आवाजाही तेज हो गई है। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रभागीय वनाधिकारी को ज्ञापन भेज गांव में पिंजरा लगाए जाने की मांग उठाई है। लगातार गुलदार की आवाजाही बढ़ने से कभी भी अनहोनी का अंदेशा भी जताया है।
ब्लॉक मुख्यालय से सटे जोशीखोला, डाभर, तिवाड़ी खोला, डाभर बाड़ी आदि गांवों में पिछले कुछ समय से गुलदार की आवाजाही तेज हो गई है। दिन ढलने के साथ गुलदार आबादी के नजदीक तक पहुंच जा रहा है। पूर्व में गुलदार की मवेशियों को भी निवाला बना चुका है। गांव की ओर घुसपैठ बढ़ने से ग्रामीण खौफजदा है। ग्राम प्रधान रीता तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू तिवारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भेज गांवों में पिंजरा लगाए जाने की मांग उठाई है। ज्ञापन के माध्यम से बताया है की महिलाओं ने खेतो में जाना तक छोड़ दिया है। बच्चों पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने समय रहते ठोस कदम न उठाए जाने पर अनहोनी की आंशका भी जताई है। जल्द पिंजरा लगा गुलदार के भय से निजात दिलाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
