🔳 अल्मोड़ा के ताड़ीखेत के बाद अब रामगढ़ ब्लॉक में रुपांतरण 2.0 का श्रीगणेश
🔳 विद्यार्थी ऑडियो विजुअल क्लास से भौतिक व गणित विषय का कर रहे अध्ययन
🔳 प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयार को डिजिटल लाइब्रेरी में उच्चस्तरीय पुस्तकें भी उपलब्ध
🔳 सुविधाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों के सपनों को पंख लगने की जगी उम्मीद
🔳 उप-शिक्षा अधिकारी गितिका के प्रयासों की क्षेत्रवासियों ने की सराहना
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के जीआइसी तल्ला रामगढ़ में रुपांतरण 2.0 के तहत विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा में पारंगत करने का श्रीगणेश कर दिया गया है। तकनीकी शिक्षा का ज्ञान मिलने से विद्यार्थी बेहतर भविष्य निर्माण की ओर कदम बढ़ाने लगे हैं। उप शिक्षा अधिकारी गितिका जोशी के अनुसार कक्षाओं में स्थापित डिजिटल लैब के जरिए विद्यार्थियों को भौतिक व गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों का अध्ययन कर रहे हैं।
वर्ष 2017 में अल्मोड़ा जनपद के ताड़ीखेत ब्लॉक से रुपांतरण के जरिए जीर्णशीर्ण हो चुके तमाम प्राथमिक, जूनियर व इंटर कॉलेजों को सुविधा सम्पन्न बनाने की अभिनव शुरुआत करने वाली उप-शिक्षा अधिकारी गितिका जोशी ने अब रामगढ़ ब्लॉक में रुपांतरण 2.0 की शुरुआत कर दी है। पहले चरण में तल्ला रामगढ़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में डिजिटल लैब स्थापित कर खान एकडेमी की कक्षाएं शुरु कर दी गई है। दिल्ली में आइटी कंपनी चलाने वाले अनिल मंगला व अंजू मंगला के सहयोग से स्थापित लैब में विद्यार्थियों को अत्याधुनिक कंप्यूटर, ब्राड बैड, हेड फोन, इनवर्टर जैसी सुविधाओं से लैस किया गया है। रामगढ़ के गौरव जोशी ने भी लैब की स्थापना में विशेष सहयोग दिया है। विद्यालय में डिजिटल लाइब्रेरी भी स्थापित कर दी गई है जिसके माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न कक्षाओं को पढ़ते हैं वह कंप्यूटर आदि का ज्ञान लेते हैं। कंप्यूटर शिक्षा के लिए अमित पांडे ने विशेष सहयोग कर शिक्षक उपलब्ध कराया है। 11वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थी ऑडियो विजुअल क्लासेस से भौतिक विज्ञान व गणित विषय का अध्ययन कर रहे हैं। बेहतर सुविधा का लाभ मिलने से विद्यार्थी भी बेहद उत्साहित है। विद्यार्थी डिजिटल कक्षाओं में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं। पहली बार विशेष कक्षाएं शुरु किए जाने व छात्र हित में बेहतरीन पहल किए जाने पर अभिभावकों व स्थानीय लोगों ने भी उप-शिक्षा अधिकारी के कार्यों को सराहनीय करार दिया है। उप शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी के अनुसार भविष्य में विद्यालय का भौतिक रुपांतरण किया जाएगा इसके तहत भवन आधुनिकरण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर लाइट, खेल मैदान के आधुनिकीकरण की योजना है। बताया की जल्द ही अन्य विद्यालयों में में भी रुपांतरण 2.0 के जरिए कार्य शुरु कराए जाएंगे।
