🔳 मरम्मत व पुनर्निर्माण के लिए मिला 1.21 करोड़ रुपये का बजट
🔳 बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के चिह्नित किए गए है विद्यालय
🔳 लंबे समय से झेल रहे थे बदहाली का दंश
🔳 नए लुक में नजर आएंगे विद्यालय, खतरा भी टलेगा
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
लंबे समय के अंतराल के बाद ही सही पर अब बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के विद्यालयों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। जिला योजना व आपदा मद दोनों ब्लॉको के कई विद्यालयों के लिए लगभग 1.21 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी मिल गई है। मरम्मत व सुधारीकरण को मिले बजट से खस्ताहाल विद्यालयों कि स्थिति में सुधार होगा। विद्यालय भवनों की मरम्मत से नौनिहालों व शिक्षकों की जिंदगी पर मंडरा रहा खतरा भी टलेगा।
बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के तमाम विद्यालय बदहाली का दंश झेल रहे हैं। विद्यालय भवनों की बिगड़ रहे हालातों से नौनिहालों व शिक्षकों की जिंदगी पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिनों शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने खतरे की जद में आ चुके विद्यालयों की सूची तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी। शिक्षा विभाग से उपलब्ध सूची के आधार पर अब आपदा मद से जीआइसी लोहाली को 12 लाख रुपये तथा जीआइसी गरजोली को छह लाख रुपये के बजट को स्वीकृति मिली है। रामगढ़ ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिरसा के लिए छह लाख, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्वारब को छह तथा रीठा के लिए चार लाख रुपये के बजट को हरी झंडी मिल चुकी है। जिला योजना के बजट से भी बेतालघाट ब्लॉक के जीआइसी रातीघाट की मरम्मत को बारह, जीतुवापीपल तीन, जीआइसी बेतालघाट पांच तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय नौडा के लिए चार लाख रुपये का बजट उपलब्ध हुआ है। जीआइसी सिमलखा में दो नए कक्ष निर्माण को 54 लाख रुपये का बजट आवंटित हुआ है जबकि रामगढ़ ब्लॉक के जीपीएस तल्ला रामगढ़ पांच लाख, जीपीएस ल्वेशाल चार लाख, मल्ला गहना चार लाख, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवदार को दस लाख रुपये, जीआइसी रामगढ़ 3.50 लाख, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामगढ़ के लिए 3.50 लाख रुपये का बजट मिला है। आपदा मद व जिला योजना मद से मिले बजट से बदहाल विद्यालयों की स्थिति में सुधार आएगा। सर्व शिक्षा अभियान के अवर अभियंता गोकुल सिंह नेगी के अनुसार जिला योजना से मिले बजट में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है जबकि आपदा मद का बजट भी उपलब्ध हो चुका है जल्द ही विद्यालयों में कार्य शुरु करवाए जाएंगे।




