◾पैसे मांगने पर कंपनी के बंद होने का दिया जा रहा हवाला
◾ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने उठाई बुजुर्ग को न्याय दिलाने की मांग
◾ क्षेत्र के बीस से ज्यादा लोगों के ठगी का शिकार होने का जताया अंदेशा
◾ थानाध्यक्ष ने किया तहरीर मिलने पर कार्रवाई का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट क्षेत्र में फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद अब बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आ गया है। बुजुर्ग महिला ने धनराशि वापस दिलाए जाने की गुहार लगाई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम गिरी गोस्वामी ने ठगी करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर धनराशि वापस दिलाए जाने की मांग उठाई है।
बेतालघाट मुख्य बाजार क्षेत्र में सीएससी सेंटर चलाने वाले व्यक्ति के फर्जी आय प्रमाण पत्र तैयार करने का मामला सामने आने के बाद अब पॉलिसी के नाम पर बुजुर्ग महिला से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला भी प्रकाश में आया है। बेतालघाट ब्लॉक के कटिमी गजार गांव निवासी बुजुर्ग विमला देवी के अनुसार बेतालघाट निवासी व्यक्ति ने बीते कुछ वर्षों पूर्व एक निजी कंपनी की पॉलिसी के नाम पर उससे डेढ़ लाख रुपये लिए। पॉलिसी का समय पूरा होने के बाद जब वह पैसे मांगने पहुंची तो व्यक्ति ने कंपनी के बंद हो जाने का हवाला दे पैसे लौटाने से मना कर दिया। बुजुर्ग महिला ने कई बार गुहार लगाई पर निराशा ही हाथ लगी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम गिरी गोस्वामी के अनुसार बेहद गरीब महिला को न्याय मिलना चाहिए। प्रेम ने अंदेशा जताया है कि बुजुर्ग महिला के साथ ही क्षेत्र के करीब बीस से ज्यादा लोगों के साथ ठगी की गई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने मामले का खुलासा किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। पॉलिसी के नाम पर ठगी किए जाने का मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। थानाध्यक्ष बेतालघाट मनोज नयाल के अनुसार मामला संज्ञान में नहीं है तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!