🔳 रामगढ़ के सिरसा गांव से सटे जंगल में विकराल हुई लपटें
🔳 बेतालघाट के धनियाकोट से सटा सिमखेत का जंगल भी आग से स्वाहा
🔳 सूचना के बावजूद नहीं पहुंचा वन विभाग, नैनीताल से दमकल सेवा पहुंची
🔳 ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद किया काबू
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

तपिश बढ़ने के साथ ही जंगल एकबार फिर आग से धधकने लगे हैं। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे रामगढ़ ब्लॉक के सिरसा तथा बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट गांव से सटे सिमखेत के जंगल में भीषण आग लगने से वन संपदा जलकर राख में तब्दील हो गई। ग्रामीणों आग पर काबू करने में जुटे रहे। सिमखेत के जंगल में आग की सूचना के बावजूद वनकर्मियों के न पहुंचने पर लोगों ने रोष जताया हालांकि नैनीताल से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही जंगलों में आग का सिलसिला एकबार फिर शुरु हो गया है। रामगढ़ ब्लॉक के सिरसा गांव से सटे जंगलात क्षेत्र में आग धधकने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दे आग को काबू करने की जद्दोजहद शुरु की पर विकराल लपटों के आगे ग्रामीणों की एक न चली। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बामुश्किल आग पर काबू पाया। इधर बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट गांव से सटा सिमखेत का जंगल आग की चपेट में आने व आग की लपटे आबादी की ओर बढ़ने से अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने वनकर्मियों को सूचना दी। काफि देर तक वनकर्मियों के न पहुंचने पर ग्रामीण खुद ही आग बुझाने में जुट गए। पेड़ों की टहनियों से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरु किए गए। कई घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार आबादी की ओर बढ़ रही आग की लपटों को काबू कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देख दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दिए जाने के बावजूद मौके पर न पहुंचने पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की जंगलों को आग से बचाने को वन विभाग दावे बड़े बड़े कर रहा है पर धरातल में दावे खोखले साबित हो रहे हैं।