🔳 अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरुक रहने का आह्वान
🔳 सूदूर ल्वेशाल गांव में लगा बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता व जागरुकता शिविर
🔳 पैरा लीगल वॉलिंटियर्स व बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को किया गया सम्मानित
🔳 विभागीय अधिकारियों ने समस्याएं सुन प्राथमिकता से समाधान का दिलाया भरोसा
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के ल्वेशाल गांव में लगे बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता व जागरुकता शिविर में ग्रामीणों को कई अहम कानूनी जानकारियां उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुन प्राथमिकता से समाधान का भरोसा दिलाया। स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज ल्वेशाल में लगे शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश व उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष मनोज कुमार तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने दिव्यांगो को समाज कल्याण विभाग, सुनिधि विकास संस्था हल्द्वानी, ऑनलाइन संस्था हल्द्वानी से उपलब्ध व्हीलचेयर, कान की मशीन, लाठी का वितरण किया गया। न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य न्याय को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। विशेषकर उन लोगों तक जिनके पास सीमित संसाधन हैं। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं है उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरुक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरुकता ही व्यक्ति को सशक्त बनाती है। सदस्य सचिव उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप मणि त्रिपाठी ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बारे में बताया साथ ग्रामीण स्तर पर होने वाले जागरूकता शिवरो के बारे में जानकारी साझा की। वन विलेज वन प्रो बोनो पी एलवी के बारे में भी जानकारी दी तथा मुकदमा मुक्त ग्राम पहल योजना के बारे में भी बताया। कहा कि जिस भी ग्राम में मुकदमा नहीं होता है उसे ग्राम को एक आदर्श ग्राम माना जाता है तथा उसे ग्राम को मुकदमा मुक्त ग्राम से सम्मानित भी किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान 21 पैरा लीगल वालंटियर व हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित भी किया गया। निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस दौरान अपर जिला न्यायाधीश कुलदीप शर्मा, विशेष कर्तव्य अधिकारी हर्ष यादव, प्रथम न्यायायिक मजिस्ट्रेट उर्वशी रावत, एडीएम विवेक राय, एसपी सीटी डा. जगदीश चंद्रा, मंजू तिवारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पारुल थपलियाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।