◾सुबह से शाम तक जंगल में धधकती रही आग
◾गांव के वासिदों ने आग पर काबू पाने का प्रयास
◾वन विभाग को सूचना देने के बावजूद न पहुंचने का आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
समीपवर्ती चापड़ गांव से सटे जंगल का बडा़ हिस्सा वनाग्नि की चपेट में आने से खाक हो गया। दिन भर जंगल धधकता रहा पर वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सुध लेने की जहमत नहीं उठाई। वनाग्नि से बेसकीमती वन संपदा को भी नुकसान पहुंचा है।
पिछले दिनों बारिश से जंगल आग की चपेट में आने से बच गए अब तपिश बढ़ने के साथ ही जंगल आग से धधकने लगे हैं। शुक्रवार को समीपवर्ती ताड़ीखेत ब्लॉक के चापड़ गांव से लगा जंगल धधक उठा।देखते ही देखते आग की लपटें विकराल हो गई। आग की लपटों ने जंगल के बड़े हिस्से को आगोश में ले लिया। जंगल से धुआं उठता देख आसपास के लोग जंगल की ओर दौड़ पड़े। पूरन सिंह राणा, भोपाल सिंह राणा, पूरन सिंह बिष्ट, मदन सिंह राणा, हेम चंद्र जोशी, दीपक जोशी, तारा दत्त जोशी, दयाल सिंह राणा, आनंद सिंह नेगी, हिमांशु बिष्ट आनंद सिंह आदि ने जंगल को आग से बचाने का भरसक प्रयास किया वहीं वन विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी बावजूद वन विभाग का कोई भी अधिकारी कर्मचारी जंगल में लगी आग को बुझाने नहीं पहुंचा। देर शाम तक जंगल से धुएं का गुबार उठता रहा।
