🔳 बेतालघाट महाविद्यालय में रह गए पचास फिसदी महत्वपूर्ण पद रिक्त
🔳 कई पदों पर विद्यार्थियों ने नहीं दिखाई चुनाव में उतरने की रुचि
🔳 महाविद्यालय को लंबा समय बीतने के बावजूद विद्यार्थी की संख्या भी बन रही चिंता
🔳 सुविधाएं व संसाधन उपलब्ध कराने की लगातार उठ रही मांग बावजूद अनदेखी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
शहीद खेम चंद्र डोर्बी महाविद्यालय बेतालघाट में छात्रसंघ चुनाव में पचास फिसदी पदों के लिए किसी भी विद्यार्थी ने रुचि नहीं दिखाई। उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, संकाय प्रतिनिधि व सांस्कृतिक सचिव के पद पर एक भी विद्यार्थी ने नामांकन नहीं कराया। छात्रसंघ चुनाव से मोहभंग होने का सबसे बड़ा कारण महाविद्यालय में सुविधाओं व संसाधनों का अभाव सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने भी महाविद्यालय में छात्र संख्या कम होने को समुचित व्यवस्था उपलब्ध न होना एक प्रमुख कारण माना है।
नैनीताल, अल्मोड़ा, हल्द्वानी समेत तमाम महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनावों में घमासान देखने को मिला। एक एक पल के लिए कई विद्यार्थी चुनाव मैदान में उतरे। छात्र राजनीति में पैर जमाने के लिए विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह दिखा पर बेतालघाट में शहीद खेम चंद्र डोर्बी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बेहद सूने रहे। अध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष , सचिव तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया जबकि उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, संकाय प्रतिनिधि व सांस्कृतिक सचिव पद पर किसी भी विद्यार्थी के रुचि न लेने से पद रिक्त रह गए। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मोहित पंत, लक्ष्मी भंडारी व पूर्व सचिव तारा भंडारी ने महाविद्यालय में सुविधाओं की कमी को चुनाव से विद्यार्थियों का मोहभंग होने को बड़ा कारण माना है। बताया की महाविद्यालय में एक अदद छात्रावास भी उपलब्ध नहीं है। 12- 15 किमी की दूरी से विद्यार्थी महाविद्यालय पहुंचते हैं। यदि छात्रावास उपलब्ध होता तो निश्चित ही महाविद्यालय में छात्र संख्या में भी बढ़ोतरी होती। समुचित कक्षा कक्ष, पुस्तकालय व विभिन्न विषयों के उपलब्ध न होना भी परेशानी का बड़ा कारण माना है। कहा की ऐसी परिस्थितियों में विद्यार्थियों का चुनाव से दूरी बनाना लाजिमी है। नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील कुमार के अनुसार सुविधाएं जुटाने को संघर्ष किया जाएगा ताकि सूदूर गांवों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना लेकर महाविद्यालय पहुंचने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिल सके। प्राचार्य प्रो. विनय कुमार विद्यालंकार के अनुसार सुविधाएं जुटाने को लगातार उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है। प्रयास है की महाविद्यालय सुविधाओं से लैस हो सके।




