◾स्थानीय व्यापारियों को हुआ भारी नुकसान
◾ दोपहर में तेज बारिश के बीच एकाएक बड़ी वोल्टेज
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना बाजार क्षेत्र में एकाएक हाइवोल्टेज से व्यापारियों के लाखो रुपये के उपकरण फुंक गए। क्षेत्रवासियों ने व्यापारियों को हुए नुकसान का मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
शुक्रवार को कोसी घाटी में एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर में बारिश शुरू होते ही आसमानी गर्जना के साथ एकाएक खैरना बाजार क्षेत्र में वोल्टेज बढ़ गई। विद्युत लाइन में हाई वोल्टेज से व्यापारियों के लाखो रुपये के उपकरण स्वाहा हो गए। व्यापारी किशोर बर्गली का प्रिंटर, देवेंद्र मेहरा का टीवी, मोबाइल व रिसीवर, दुर्गा सिंह बिष्ट का फ्रिज, सीसीटीवी का डीवीआर, दीप चंद्र की 38 हजार रुपये की सिलाई पावर मशीन तथा राजीव पंत व संजय रावत के भी हजारों रुपये के विद्युत उपकरण फुंक गए। व्यापारियों ने इसे विद्युत विभाग की लापरवाही करार दिया। क्षेत्रवासियों ने वोल्टेज बढ़ने से व्यापारियों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग उठाई है। विद्युत विभाग के अवर अभियंता हेम चन्द्र कपिल के अनुसार मामले में जानकारी जुटाई जा रही है।