◾ उपेक्षा किए जाने तथा फोन तक न उठाने का लगाया आरोप
◾ सड़कों की बदहाली व पेयजल संकट से प्रतिनिधि खफा
◾ हंगामेदार रही क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय में हुई क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने पेयजल संकट व सड़कों की बदहाली का मुद्दा जोर शोर से उठाया। पंचायत प्रतिनिधियों ने अफसरों के रवैए पर गहरी नाराजगी जताई। सीडीओ डा. संदीप तिवारी ने अधिकारियों को समय पर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। विधायक रानीखेत प्रमोद नैनवाल तथा विधायक नैनीताल सरिता आर्या ने गांवों के विकास को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय में क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक का शुभारंभ विधायक सरिता आर्या, विधायक प्रमोद नैनवाल व ब्लाक प्रमुख आनंदी बधानी ने संयुक्त रुप से किया। बैठक की शुरुआत में पंचायत प्रतिनिधियों ने लोनिवि के अधिकारियों के रवैए पर रोष जताया। ब्लॉक प्रमुख आंनदी बधानी ने भी अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़े शब्दों में निंदा की। ग्राम प्रधान शेखर दानी, गणेश तिवारी व प्रेम नाथ गोस्वामी ने अधिकारियों पर पंचायत प्रतिनिधियों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया। ग्राम प्रधान अमेल पूजा फुलारा ने आमडाली गांव में हो रहे भूमि कटाव व खैराली मुख्य मार्ग से ट्रांसफार्मर हटाए जाने की मांग उठाई। गांवों में लगातार गहरा रहे पेयजल संकट का मुद्दा भी जोर शोर से उठा। दो वर्ष पूर्व आपदा में क्षतिग्रस्त कार्यों के अब तक मरम्मत न होने पर नाराजगी जताई गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने एक स्वर में समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। मुख्य विकास अधिकारी डा. संदीप तिवारी ने अधिकारियों को गंभीरता से समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। विधायक नैनीताल सरिता आर्या व विधायक रानीखेत प्रमोद नैनवाल ने ग्रामीण विकास को मिलजुल कर कार्य करने का आह्वान किया। अधिकारियो से सरकार से संचालित योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खडे़ व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। इस दौरान एसडीएम पारितोष वर्मा, एसडीओ मनोज तिवारी, डा. सतीश पंत, बीडीओ एमसी गंगवार, डा. नेहा चौधरी, आंनदी खुल्बे, मनोज पडलिया, कुंदन नेगी, विनोद ढोडियाल, सरिता जोशी, आशा भंडारी, शीला देवी,एस लाल , त्रिलोक सिंह,पूजा पिनारी, दीपा बिष्ट, बीना मेहरा, विनोद ढौंडियाल, नवीन चंद्र, मंजू तिवारी आदि मौजूद रहे।