🔳समीपवर्ती मंयू गांव से बुजुर्ग को लेकर सीएचसी पहुंचे थे स्वजन
🔳चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद किया हायर सेंटर रेफर
🔳घंटों तक आपातकालीन सेवा के इंतजार में बैठे रहे स्वजन
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पर्वतीय क्षेत्रों में भले ही आपातकालीन 108 सेवा जीवनदायिनी है पर लापरवाही से अब 108 सेवा मरीजों की जिंदगी पर भारी भी पड़ने लगी है। सीएचसी गरमपानी सूदूर गांव से पहुंचा मरीज जिंदगी की जंग लड़ता रहा। दो घंटे इंतजार के बाद बामुश्किल सुयालबाड़ी की 108 सेवा से स्वजन मरीज को नाजुक हालत में लेकर हायर सेंटर हल्द्वानी रवाना हुए।
सरकार आपातकालीन 108 सेवा उपलब्ध कराने वाली संस्था को करोड़ों रुपये उपलब्ध करा रही है पर धरातल में मरीजों को सेवा का लाभ ही नहीं मिल रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में मरीजों को लेकर दौड़ने वाले वाहन खस्ताहाल हो चुके हैं। बीते दिनों ही महिला को लेकर हायर सेंटर हल्द्वानी जा रही 108 सेवा वाहन के सीएचसी गरमपानी से चंद कदम दूर ही ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। मजबूरी में महिला के स्वजन उसे टैक्सी वाहन से हल्द्वानी ले गए। शुक्रवार शाम को भी 108 सेवा की बदहाली का मामला सामने आया। सूदूर मंयू गांव से बुजुर्ग को तबीयत बिगड़ने पर सीएचसी गरमपानी लाया गया। चिकित्सकों ने उपचार कर बुजुर्ग को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। मरीज को ले जाने को स्वजनों ने 108 सेवा से संपर्क साधा। उन्हें जल्द वाहन के पहुंचने का भरोसा दिलाया गया पर इंतजार बढ़ता चला गया। सूचना पर व्यापारी नेता विरेन्द्र सिंह बिष्ट भी अस्पताल पहुंच गए। जानकारी जुटाने पर पता चला की गरमपानी में तैनात 108 सेवा का वाहन मरम्मत को हल्द्वानी भेजा गया है। करीब दो घंटे बाद सुयालबाड़ी के 108 वाहन से बिगड़ती हालत में बुजुर्ग को लेकर स्वजन हल्द्वानी रवाना हुए। व्यापारी नेता विरेन्द्र सिंह ने 108 प्रबंधन के लापरवाह रवैए भी नाराजगी जताई है।




