🔳गरमपानी में विधि-विधान से भगवान राम के परिवार व भोलेनाथ की मूर्तियों की हुई प्राण-प्रतिष्ठा
🔳नवदुर्गा मंदिर में लगे भंडारे में पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु
🔳देर शाम तक मंदिरों में जारी रहा भजन कीर्तनों का दौर
🔳कन्या पूजन के साथ सुख, शांति व समृद्धि को हुई प्रार्थना
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामनवमी पर कोसी घाटी का माहौल राम मय हो उठा। मंदिरों में विधी विधान से पूजा अर्चना के बाद प्रसाद वितरण हुआ। भजन कीर्तनों से माहौल भक्तिमय हो उठा। नवदुर्गा मंदिर में भंडारा लगा जबकि गरमपानी स्थित राम मंदिर में भगवान राम परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई।
बुधवार को सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर पूजा अर्चना की। परिवार की सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना की गई। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित नवदुर्गा मंदिर में धर्माचार्यों ने यजमानों से विधी विधान से धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। हवन पूर्णाहुति व महाआरती के बाद भंडारा लगा। आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। हाइवे पर आवाजाही कर रहे यात्रियों को भी प्रसाद वितरण किया गया। गरमपानी स्थित राम मंदिर में विधी विधान से पूजा अर्चना के बाद पुरुषोत्तम भगवान राम, माता सीता, हनुमान, लक्ष्मण तथा देवाधिदेव महादेव की नवनिर्मित मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई देर शाम तक भजन कीर्तनों का दौर जारी रहा। शांति माता, सलडी माता मंदिर समेत आसपास के मन्दिरों में भी सुबह से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। घरों में कन्या पूजन भी हुआ।




