◾ आए दिन आपूर्ति प्रभावित होने से परेशान हैं शिक्षक व विद्यार्थी
◾ हाइवे पर लगे हैंडपंप को रुख करना बना मजबूरी
◾ अभिभावकों व क्षेत्रवासियों ने उठाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

समीपवर्ती अटल उत्कृष्ट विद्यालय जीआइसी भुजान में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो जाने से नौनिहालों व गुरुजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है बामुश्किल सप्ताह में एक या दो दिन पेयजल आपूर्ति हो रही है। हलक तर करने को स्टेट हाईवे पर लगे हैंडपंप की ओर रुख करना मजबूरी बन चुका है।

जीआइसी भुजान को अटल उत्कृष्ट विद्यालय का दर्जा मिल चुका है पर गुरुजनों व नौनिहाल हलक तर करने में ही दिक्कतों का सामना करने को मजबूर हैं। लंबे समय से विद्यालय में पेयजल आपूर्ति आए दिन चरमरा जा रही है। विद्यार्थी व शिक्षक घर से बोतल में पानी लाने को मजबूर हैं। मजबूरी में स्टेट हाईवे पर लगे हैंडपंप की ओर भी रुख करना पड़ रहा है। कई बार पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य भंवर सिंह के अनुसार सप्ताह में एक या दो दिन बामुश्किल पानी मिल रहा है जो नाकाफी साबित हो रहा है। कई बार जल संस्थान को पत्राचार भी किया जा चुका है पर व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा रही। विद्यालय में ही पेयजल आपूर्ति में सुधार न होने पर अभिभावकों व क्षेत्रवासियों में भी नाराजगी है। स्थानीय मदन सिंह, रमेश सिंह खनायत, कुलदीप सिंह, अनुराग बिष्ट, पान सिंह आदि ने जल्द विद्यालय में पेयजल आपूर्ति दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।