◾तहसीलदार से मिले पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण
◾ जल्द कार्य शुरु करवाए जाने की उठाई पुरजोर मांग
◾ अनदेखी पर दे डाली आंदोलन की चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना क्षेत्र के ठिक पीछे बहने वाली उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी में किए जा रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों में खतरे वाले स्थानों पर अब तक कार्य शुरु न कराए जाने पर क्षेत्रवासियों का पारा चढ़ गया है। लोगों ने जल्द कार्य शुरु करवाए जाने की मांग उठाई। दो टूक चेतावनी दी की यदि अनदेखी की गई तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
शिप्रा नदी ने तीन वर्ष पूर्व क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी। तीन आवासीय मकान जमींदोज हो गए तो कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचाया। सरकार ने नदी के उफान से गरमपानी खैरना क्षेत्र को बचाने को लगभग छह करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की। नदी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर कार्य भी शुरु कराया जा चुका है पर सबसे ज्यादा खतरे वाले स्थान पर अब तक कार्य शुरु न हो पाने पर क्षेत्रवासियों ने गहरी नाराजगी जताई है। ग्राम प्रधान प्रेम नाथ गोस्वामी की अगुवाई में क्षेत्रवासियों ने तहसीलदार मनीषा बिष्ट से मुलाकात की। बताया की बजट अवमुक्त होने के बावजूद खतरे वाले स्थानों पर अब तक कार्य शुरु नहीं किया जा सका है। जिससे खतरा बढ़ता ही जा रहा है। बारिश बढ़ने व नदी का उफान तेज होने पर क्षेत्र के लोग दहशत में आ जा रहे हैं। जल्द कार्य शुरु करवाए जाने की मांग उठाई। दो टूक चेतावनी दी की यदि जल्द कार्य शुरु नहीं हुआ तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार कर दी जाएगी। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य तुलसी देवी, व्यापारी नेता मदन सिंह मेहरा, भुवन सिंह पिनारी, बहादुर सिंह पनौरा आदि मौजूद रहे।
