🔳 खेतों की हालत से मायूस हुए छड़ा क्षेत्र के किसान
🔳 लंबे समय से पानी उपलब्ध न होने से बढ़ने लगी है नाराजगी
🔳 कोसी नदी पर बनी छड़ा सिंचाई पंपिंग योजना से होती है आपूर्ति
🔳 किसानों ने जल्द व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर छड़ा क्षेत्र में खेतों तक सिंचाई का पानी न पहुंचने से मटर के पौधे सूखने के कगार पर पहुंच गए हैं। सिंचाई पंपिंग योजना का पाइप क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति लंबे समय से ठप होने से किसान भी चिंतित है। किसानों ने तत्काल व्यवस्था में सुधार कर पानी उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई है। चेताया है की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छड़ा क्षेत्र में किसानों के खेतों तक कोसी नदी पर बनी सिंचाई पंपिंग योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है पर लंबे समय से क्षेत्र के एक हिस्से के किसानों के खेतों तक सिंचाई के पानी की बूंद तक नहीं टपक रही। सिंचाई का पानी न मिलने से खेतों में मटर की पौध सूखने के कगार पर पहुंच गई है। किसानों ने आरोप लगाया की योजना का पाइप खराब हो जाने से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही। खेतों में उपज को नुकसान पहुंचने का अंदेशा बढ़ता ही जा रहा है बावजूद अनदेखी की जा रही है। कई बार पाइप बदलने की मांग उठाए जाने के बाद भी विभाग सुध नहीं ले रहा। जिसका खामियाजा पंद्रह से अधिक किसानों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय हीरा सिंह, संजय सिंह बिष्ट, गिरीश बिष्ट, प्रताप सिंह, भूपाल सिंह, दिनेश बिष्ट, सोनू, बालम सिंह आदि ने विभागीय उपेक्षा पर गहरा रोष जताया है। दो टूक चेताया है की यदि जल्द सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं करवाया गया तो नलकूप खंड के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। नलकूप खंड रामनगर के सहायक अभियंता प्रशांत कुमार के अनुसार पाइप के लिए बजट आवंटन को प्रस्ताव जिला योजना के लिए भेजा जाएगा। बजट को स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरु होगा।