🔳 समाचार प्रकाशित होने के बाद टूटी एनएच प्रशासन की नींद
🔳 अधिशासी अभियंता ने कार्यदाई संस्था को भेजा नोटिस
🔳 ध्वस्त सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण के दिए निर्देश
🔳 तीखे मोड़ पर उधड़ते हाईवे को भी किया जाएगा दुरुस्त
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर चोपड़ा क्षेत्र में चौड़ीकरण कार्य के बाद सुरक्षा दीवार के ध्वस्त होने से आवासीय भवनों के खतरे की जद में आने व तीखे मोड़ पर हाईवे की परतें उधड़ने से आए दिन दुर्घटनाएं सामने आने के मामले में तीखी नजर समाचार पोर्टल में प्रमुखता समाचार प्रकाशित होने के बाद अब एनएच प्रशासन हरकत में आ गया है। एनएच के अधिशासी अभियंता आशुतोष के अनुसार चौड़ीकरण कार्य करने वाली कंपनी को नोटिस भेज दिया गया है। जल्द ही सुरक्षा दीवार के निर्माण व हाईवे को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाईवे पर बीते वर्ष काकड़ीघाट से क्वारब क्षेत्र तक करोड़ों रुपये के बजट से हाईवे चौड़ीकरण किए जाने के बाद सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया गया। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता न होने से अब सुरक्षा कार्य दम तोड़ने लगे हैं जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। चौपड़ा क्षेत्र में सुरक्षा दीवार के ध्वस्त होने से स्थानीय देवेश पांडे का आवासीय भवन खतरे की जद में आ गया है। भवन में जगह जगह दरारें गहराने से उनका परिवार अपना घर छोड़कर नजदीक ही किराए के एक कमरे में शरण लिए हुए है। वहीं तीखे मोड़ पर बड़े हिस्से में हाईवे की परतें उधड़ने से आए दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही है। प्रभावित परिवार व स्थानीय लोगों ने कई बार एनएच प्रशासन से संपर्क साधा बावजूद सुनवाई नहीं हो सकी। बीते मंगलवार को तीखी नजर की टीम ने प्रभावित परिवार से संपर्क साध खतरे की जद में आ चुके आवासीय भवन की स्थिति देखी तथा प्रभावित परिवार के दर्द को सामाचार के माध्यम से प्रमुखता से प्रकाशित किया साथ ही श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन को भी जानकारी दी। मामले के जोर-शोर से उठने के बाद अब एनएच प्रशासन भी हरकत में आ गया है। एनएच के अधिशासी अभियंता आशुतोष ने हाईवे चौड़ीकरण व सुरक्षा कार्य करने वाली कंपनी को नोटिस भेज जल्द दीवार निर्माण के साथ ही हाईवे पर तीखे मोड़ पर मंडरा रहे खतरे को टालने को निर्देशित किया है। अधिशासी अभियंता के अनुसार जल्द ही आवासीय भवन के ठीक नीचे ध्वस्त हो चुकी सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया जाएगा। प्रभावित परिवार की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने पर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल महामंत्री कुबेर सिंह जीना, भास्कर तिवारी, मनोज दानी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह, गोविंद नेगी आदि ने तीखी नजर समाचार पोर्टल का आभार व्यक्त किया है।
