🔳 अमेल – सेठी मोटर मार्ग की हालत ओवरलोडिंग की हकीकत कर रही बयां
🔳 मानक से अधिक उपखनिज लेकर दौड़ रहे डंपर
🔳 नियमों की खुलेआम उड़ाई जा रही धज्जियां
🔳 मोटर मार्ग के खस्ताहालत में पहुंचने से आवाजाही भी हुई खतरनाक
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट में ओवरलोडिंग ग्रामीण सड़कों के लिए अभिशाप बन गया है। सड़कों की हालत ओवरलोडिंग की हकीकत बयां कर रही है बावजूद जिम्मेदार अनजान बने हुए हैं। सड़कों की खस्ताहालत का खामियाजा गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अमेल सेठी मोटर मार्ग भी ओवरलोडिंग की मार से कराह रहा है बावजूद जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट ने भी ओवरलोडिंग से सड़क को नुकसान की बात स्वीकारी है।
ग्रामीण सड़कों को दुरुस्त करने को सरकार विभागों को भारी भरकम बजट उपलब्ध करा रही है ताकि लोगों को सुगम आवाजाही का लाभ मिल सके पर सड़कों पर मानक से अधिक उपखनिज लेकर दौड़ रहे कई वजनी डंपर बजट के साथ ही सड़क को भी तहस नहस कर दे रहे हैं। अमेल – सेठी मोटर मार्ग इसका जीता जागता उदाहरण बन चुका है। कोसी नदी क्षेत्र में संचालित उपखनिज पट्टों से डंपरों में क्षमता से कई गुना अधिक उपखनिज भर दिया जा रहा है। मानक से अधिक उपखनिज लेकर दौड़ रहे कई टन वजनी डंपर अमेल सेठी मोटर मार्ग को तहस नहस करने पर आमादा हो चुके हैं पर सुध नहीं ली जा रही। खस्ताहाल सड़क पर गांवो के लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। कुछ समय पहले मोटर मार्ग पर किया गया पेंचवर्क भी ओवरलोडिंग की भेंट चढ़कर तहस नहस हो चुका है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार ओवरलोड से सड़क को काफि नुकसान पहुंच रहा है। बताया की ओवरलोडिंग रोकने को प्रशासन को जल्द पत्राचार किया जाएगा। थानाध्यक्ष बेतालघाट विजय नेगी के अनुसार लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ओवरलोडिंग कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस, प्रशासन व परिवहन विभाग का संयुक्त अभियान चलाने का प्रयास किया जाएगा।