🔳 डीएम के संज्ञान लेने के बाद रिपोर्ट तैयार करने में जुटा तहसील प्रशासन
🔳 अतिरिक्त योजना निर्माण पर रोक को किया जाएगा पत्राचार
🔳 जून मवाडी जल स्रोत पर निर्भर है छड़ा गांव के पचास परिवार
🔳 स्रोत से दोपांखी क्षेत्र में कनेक्शन बांटे जाने पर जताई थी आपत्ति
🔳 तीखी नजर समाचार पोर्टल ने प्रमुखता से उठाया मुद्दा
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
चालीस वर्ष पुराने प्राकृतिक जल स्रोत से छेड़छाड़ कर आसपास के क्षेत्रों में कनेक्शन बांटे जाने का मामला जोर-शोर से उठने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले का जिलाधिकारी के संज्ञान लेने के बाद अब श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन वर्षों पुराने स्रोत से अतिरिक्त योजना न बनाएं जाने को रिपोर्ट तैयार करने में जुट गया हैं। प्रशासन के हरकत में आने से छड़ा गांव के ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित दोपांखी क्षेत्र में खड़ी पहाड़ी पर स्थित जून मवाडी स्रोत से बेतालघाट ब्लॉक के छड़ा गांव के करीब पचास परिवारों को पेयजल की आपूर्ति की जाती है। चालीस वर्ष पुराने प्राकृतिक जल स्रोत से गांव में पानी पहुंचने से ग्रामीणों को ग्रीष्मकाल में भी पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ता। पिछले दिनों स्रोत से छेड़छाड़ कर समीपवर्ती दोपांखी क्षेत्र में कुछ कनेक्शन बांटे जाने की भनक से छड़ा गांव के ग्रामीणों का पारा चढ़ गया। आरोप लगाया की वर्षों पुराने स्रोत से छेड़छाड़ कर गांव के पचास परिवारों को पानी से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दो टूक कहा की यदि गांव की आपूर्ति प्रभावित की गई तो फिर श्री कैंची धाम तहसील मुख्यालय में धरना प्रदर्शन शुरु किया जाएगा। जनहित से जुड़े मामले को तीखी नजर समाचार पोर्टल ने गुरुवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। मामले के उठने व जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के संज्ञान लेने के बाद श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन भी हरकत में आ गया है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से ले स्रोत से अतिरिक्त योजना निर्माण पर रोक को रिपोर्ट तैयार करनी शुरु कर दी है। राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील के अनुसार रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। वर्तमान में बांटे गए कनेक्शन जल संस्थान ने फिलहाल हटवा दिए हैं। भविष्य में भी कोई अतिरिक्त योजना न बने इसके लिए पत्राचार किया जाएगा। जनहित से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाते पर क्षेत्रिय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष मनोज बिष्ट, संजय सिंह, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, दिनेश सिंह, सुरेश सिंह, जीवन सिंह आदि ग्रामीणों ने तीखी नजर समाचार पोर्टल का आभार व्यक्त किया है।
