🔳 उच्चाधिकारियों को की गई राॅयल्टी पोर्टल बंद करने की संस्तुति
🔳 बेतालघाट प्रशासन ने एसडीएम व खनन विभाग को भेजी रिपोर्ट
🔳 मामले के तूल पकड़ने पर हरकत में आया प्रशासन
🔳 प्रशासनिक कार्रवाई से मचा कोसी घाटी में हड़कंप
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट से सटे लेहड़ा क्षेत्र में कोसी नदी पर स्वीकृत उपखनिज पट्टे पर प्रशासन की जांच में अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। बेतालघाट प्रशासन ने मामले में कार्रवाई को रिपोर्ट उपजिलाधिकारी व खनन विभाग को भेज दी है। राजस्व निरीक्षक सुरेश सनवाल के अनुसार जांच में सामने आई अनियमितता पर राॅयल्टी पोर्टल बंद करने की संस्तुति भी की गई है। साफ कहा की नियमों का उल्लघंन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कोसी घाटी में खनन सत्र शुरु होने के साथ ही नियमों के उल्लघंन पर बेतालघाट प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। लेहड़ा क्षेत्र में कोसी नदी क्षेत्र में स्वीकृत उपखनिज पट्टे पर शौचालय निर्माण में लापरवाही का मामला तूल पकड़ने के बाद श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका के निर्देश के बाद भी नियमों का पालन न किए जाने पर बेतालघाट प्रशासन ने दोबारा उपखनिज पट्टे की जांच की। विभागीय जांच में उपखनिज पट्टे पर अनियमिताओं का खुलासा हुआ है। शौचालय के नाम पर महज दिखावे के लिए टीनशैड खड़ा करने तथा खदान में जुटे श्रमिकों के खुले में शौच कर पवित्र नदी को प्रदूषित करने समेत कई अन्य अनियमितताएं सामने आई है। बेतालघाट प्रशासन ने जांच रिपोर्ट श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम व खनन विभाग को भेज दी है। रिपोर्ट में उपखनिज पट्टे के रायल्टी पोर्टल को तत्काल बंद करने की संस्तुति कर दी गई है। राजस्व निरीक्षक सुरेश सनवाल ने बताया की नियमों का उल्लघंन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय समय पर निरीक्षण भी किया जाएगा।
