= कार्यशैली पर सवाल उठा की नारेबाजी
= बिल तो आ रहे पर पानी नही आ रहा
= व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी
(((हल्द्वानी से संजय चौधरी/ उदित चौधरी की रिपोर्ट)))
गर्मी शुरु होने के साथ ही कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में पेयजल व्यवस्था पटरी से उतरने लगी है। पेयजल समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। परेशान राजपुरा क्षेत्र के लोगो ने जल संस्थान के कार्यालय में नारेबाजी कर रोष जताया। जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन का ऐलान किया।
पेयजल संकट से परेशान राजपुरा क्षेत्र के वासिंदे तिकोनिया स्थित जल संस्थान के कार्यालय जा धमके। खाली बाल्टियों के साथ जल संस्थान के अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने जल संस्थान के उच्चाधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। परेशान लोगों ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारी हर महीने भारी भरकम बिल भेजना नहीं भूलते लेकिन नलों में पानी नही आ रहा है। आरोप लगाया की पेयजल किल्लत होना शहर में आम हो चुका है। लेकिन जल संस्थान के अधिकारी गैरजिम्मेदार हो चुके हैं। अधिकतर समय अधिकारी कार्यालय से गैरहाजिर भी रहते हैं। चेतावनी दी की यदि जल्द ही राजपुरा समेत शहर के दूसरे इलाकों में जल संकट दूर करने के लिए जल संस्थान के अधिकारियों ने रणनीति नहीं बनाई तो जल संस्थान के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
