🔳 ऑनलाइन बुकिंग न होने से गोदाम से मायूस होकर लौटे उपभोक्ता
🔳 ऊंचाकोट गांव को भी रवाना नहीं हो सका रसोई गैस वाहन
🔳 रसोई गैस उपलब्ध न होने से चिंतित हुए गांवों के लोग
🔳 व्यवसायिक सिलेंडरों की बिक्री रुकने से होटल व्यवसाई भी परेशान
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक में रसोई गैस व्यवस्था लड़खड़ा गई है। बुकिंग नंबर बंद रहने से उपभोक्ताओं को सिलेंडर न मिलने से बेतालघाट स्थित गोदाम से बैंरग वापस लौटना पड़ा जबकि गोदाम से ऊंचाकोट गांव को रवाना होने वाला गैस वाहन के न जाने से ग्रामीण भी परेशान रहे। व्यवसायिक सिलेंडरों की बिक्री रुकने से होटल व्यवसाय भी चिंतित हो उठे हैं।
अमेरिका इजरायल – इरान युद्ध से गैस व पैट्रोलियम पदार्थो पर संकट गहराने के अंदेशे से बुधवार को बेतालघाट ब्लॉक के आसपास के गांवों से उपभोक्ता रसोई गैस सिलेंडर लेकर गैस गोदाम पहुंचे पर दिन भर ऑनलाइन बुकिंग नंबर के बंद रहने से ग्रामीणों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। उपभोक्ता दिनभर बुकिंग करने का प्रयास भी करते रहे पर सफलता नहीं मिली। गोदाम से नज़दीक ऊंचाकोट गांव को 130 रसोई गैस सिलेंडर लेकर जाने वाला वाहन भी रवाना नहीं हो सका जिस कारण गांव के लोग भी दिनभर इंतजार को मजबूर रहे। शाम को ग्रामीण खाली सिलेंडर लेकर ही वापस लौट गए। ऑनलाइन नंबर बंद रहने से कब तक गैस उपलब्ध हो सकेंगी इसको लेकर उपभोक्ताओं को चिंता सताने लगी है। व्यवसायिक सिलेंडरों की बिक्री रोकने जाने से होटल व्यवसाई भी परेशान हैं। बेतालघाट ब्लॉक में 7922 सामान्य तथा 2284 के उज्जवला कनेक्शन है। गैस की ऑनलाइन बुकिंग न होने से गांवों की आपूर्ति भी चरमराने का अंदेशा गहरा गया है। गैस गोदाम बेतालघाट के प्रबंधक मोहन चंद्र कांडपाल के अनुसार डीएससी न होने वितरण नहीं हो पाया। बुकिंग शुरु होने के साथ ही वितरण शुरु कर दिया जाएगा।