🔳 रास्ता भटककर गांव पहुंची बुजुर्ग को किया पुलिस के सुपुर्द
🔳 ठंड से बचने को उपलब्ध कराया कंबल, जलपान भी कराया
🔳 निजी वाहन की मदद से खैरना चौकी भी पहुंचाया
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
रास्ता भटककर गांव पहुंची बुजुर्ग महिला की मदद कर ब्यासी गांव के ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश की है। ठंड से कराह रही महिला को कंबल उपलब्ध करा जलपान की व्यवस्था कर निजी वाहन से सकुशल खैरना चौकी पहुंचाया। पुलिस टीम महिला के घर का पता तलाशने में जुट गई है।
शनिवार को बुजुर्ग महिला के गांव में पहुंचकर इधर-उधर भटकने से हड़कंप मच गया। पूछताछ में सही जानकारी न मिलने व बुजुर्ग के ठंड से परेशान दिखने पर ग्रामीणों ने बुजुर्ग को कंबल उपलब्ध करा उन्हें जलपान करवाया। ग्राम प्रधान विमला आर्या ने ग्राम प्रहरी की मदद से खैरना पुलिस से संपर्क साध बुजुर्ग महिला के बारे में जानकारी दी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार व स्थानीय योगेश कुमार ने निजी वाहन की मदद से बुजुर्ग महिला को सकुशल खैरना चौकी पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के अनुसार खैरना पुलिस की टीम ने महिला के स्वजनों से संपर्क साधने की कोशिश तेज कर दी है। जानकारी मिलते ही बुजुर्ग को स्वजनों तक पहुंचाया जाएगा।




