◾ कूड़ा निस्तारण न होने से लगा गंदगी का अंबार
◾ विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी खडे़ हुए सवाल
◾बीडीओ ने किया जल्द व्यवस्था में सुधार का दावा

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में ग्राम पंचायतों को साफ सुथरा बनाए रखने के दावे कूड़ेदान में भरी गंदगी व आसपास फैले बेतरतीब कूडे में मिल गए हैं। समय पर कूड़ा निस्तारण न होने से कूड़ेदान गंदगी से बजबजा रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों ने गंदगी निस्तारण को ठोस कदम उठाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है‌।

दरअसल ग्राम पंचायतों को साफ सुथरा बनाए रखने को उच्च न्यायालय के आदेश के बाद गांवों में कूड़ेदान वितरित किए गए। बकायदा पंचायत प्रतिनिधियों ने न्यायालय को शपथ पत्र भी उपलब्ध कराया। बड़े बड़े दावों के साथ जागरूकता रैलियां भी निकाली गई। उम्मीद जगी की कूड़ा निस्तारण को तेजी से कार्य होगा और गांवों को साफ सुथरा बनाया जा सकेगा पर कूड़ा निस्तारण को ठोस कदम न उठाए जाने से हालात जस के तस है। हाइवे पर स्थित बाजार क्षेत्र में भी कूड़ेदान लगाए गए। ग्राम पंचायत छड़ा खैरना तथा बारगल ग्राम पंचायत की सीमा पर लगा कूड़ेदान बड़े बड़े दावों की पोल खोल रहा है। आधी अधूरी तैयारी के साथ बजट ठिकाने लगाने को लगाए गए कूड़ेदान से विभागीय कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों ने भी अव्यवस्था पर रोष जताया है। आरोप लगाया की कूड़ा दान लगा इतिश्री कर ली गई है। कूड़ा निस्तारण को उचित व्यवस्था न होने से कूड़ेदान व आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। व्यापारियों ने कूड़ा निस्तारण को ठोस व्यवस्था बनाए जाने की मांग उठाई है। बीडीओ बेतालघाट महेश चंद्र गंगवार के अनुसार रोस्टर के अनुसार वाहन के माध्यम से कूड़ा निस्तारण किया जा रहा है। जल्द व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।

error: Content is protected !!