🔳टैक्सी वाहन चालक मनमानी पर हुए आमादा
🔳सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने से राहगीर व स्कूली नौनिहाल परेशान
🔳पुलिस की कार्रवाई के बाद भी नहीं आ रहे बाज
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित खैरना चौराहे पर अव्यवस्थाएं हावी होती जा रही है। टैक्सी वाहन चालक चौराहे पर दोनों और वाहन पार्क कर दे रहे हैं जिससे आवाजाही में लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जाम भी एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। पुलिस के कई बार कार्रवाई किए जाने के बावजूद वाहन चालक मनमानी पर आमादा है।
खैरना चौराहे से तमाम गांव को आवाजाही के लिए खैरना चौराहे से वाहनों का संचालन किया जाता है। समीप ही शिवालय व श्मशान घाट भी स्थित है। टैक्सी वाहन चालक गांवो को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग पर दोनों ओर वाहन खड़े कर दे रहे हैं जिससे दिन भर में कई बार आवाजाही प्रभावित हो रही है। सरस्वती शिशु मंदिर के नौनिहालों तथा गांव को आवाजाही करने वाले ग्रामीण भी परेशान है।
पूर्व में चौकी पुलिस खैरना विशेष अभियान चलाकर वाहन चालकों को कड़ी हिदायत भी दे चुकी है बावजूद वाहन चालक मनमानी से बाज नहीं आ रहे जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को उठाना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने चौराहे पर व्यवस्था से खिलवाड़ करने तथा आवाजाही प्रभावित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।




