🔳 रातोंरात जंगल को नुकसान किए जाने से सख्ते में आए ग्रामीण
🔳 सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
🔳 जंगल को नुकसान पहुंचाने वालों की तलाश शुरु
🔳 ग्रामीणों ने भी उठाई कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के बसगांव क्षेत्र में जंगलात में जेसीबी मशीन से अवैध रोड काट संरक्षित प्रजाति के दर्जनभर से अधिक पेड़ों को तहस नहस किए जाने से हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों की सूचना पर हरकत में आए वन विभाग ने मामले को गंभीरता से ले मौका मुआयना किया है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है मामले में कार्रवाई की जा रही है।
रामगढ़ ब्लॉक के बसगांव तवालेख मोटर मार्ग से सतपूरी क्षेत्र की ओर लगे संरक्षित प्रजाति के बांज के जंगलात में रातोंरात लोडर मशीन से करीब डेढ़ सौ मीटर रोड कटान कर डेढ़ दर्जन से भी अधिक बांज के पेड़ों को तहस नहस कर दिया गया। सुबह भनक लगने पर ग्रामीण जंगल क्षेत्र में पहुंचे तो जंगल के हालात देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ग्रामीणों ने जंगल में लोडर मशीन से रोड काटने व संरक्षित प्रजाति के बांज के पेड़ों को नुकसान पहुंचाए जाने पर गहरा रोष जताया। सूचना ग्राम प्रधान नंद किशोर को दी गई। ग्राम प्रधान ने वन विभाग को मामले की जानकारी दी। ग्रामीणों ने जंगल को नुकसान पहुंचाए जाने पर हस्ताक्षर युक्त शिकायती पत्र वन क्षेत्राधिकारी को भेज मामले में कार्रवाई की मांग भी हटाई। जंगल क्षेत्र में रातोंरात लोडर मशीन से अवैध रोड काटने व बांज के पेड़ों को नुकसान की सूचना से वन विभाग में भी हड़कंप मच गया। आनन फानन में वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट के अनुसार मामला पंजीकृत कर जांच शुरु कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। रोड काटने व पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रोड को भी बंद करवाया जाएगा।
