🔳 मातृशक्ति का चढ़ा पारा, आर-पार का किया ऐलान
🔳 टूनाकोट गांव में नारेबाजी कर जताया रोष
🔳 शराब की दुकान खोलकर गांवों को अशांत करने का लगाया आरोप
🔳 मनमानी पर पातली बाजार में धरना प्रदर्शन की तैयारी
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर पातली बाजार क्षेत्र में शराब को दुकान खोले जाने की तैयारी से भड़का गुस्सा गांवों तक पहुंच गया है। समीपवर्ती टूनाकोट क्षेत्र में महिलाओं व ग्रामीणों ने शराब की दुकान के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। दो टूक चेतावनी दी की यदि आबकारी विभाग मनमानी पर आमादा हुआ तो आसपास के गांवों के लोगों को भी साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
स्टेट हाईवे पर पातली बाजार क्षेत्र में पूर्व से ही शराब की दुकान संचालित होने के बाद दूसरी दुकान आवंटन की निविदा प्रकाशित होने के बाद लोगों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। शनिवार को समीपवर्ती टूनाकोट गांव में महिलाओं व ग्रामीणों ने नारेबाजी कर शराब की दुकान कतई बर्दाश्त न किए जाने का ऐलान किया। महिलाओं ने आरोप लगाया की आबकारी विभाग गांवों को अशांत करने की मंशा से छोटे से पातली बाजार में अब दूसरी दुकान खोलने पर आमादा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा की स्टेट हाईवे से जीआइसी भुजान समेत आसपास के तमाम विद्यालयों को छात्र छात्राएं आवाजाही करती है। शराब की दुकान खुलने से माहौल भी बिगड़ेगा। स्थानीय सुनील मेहरा ने कहा की स्वास्थ्य व शिक्षा समेत अन्य सुविधाओं की अनदेखी कर शराब की दुकान खुलवाना जनहित से खिलवाड़ करना है। सर्वसम्मति से तय किया गया कि यदि मनमाना रवैया अपनाया गया तो आसपास के गांवों के लोगों को साथ लेकर पातली बाजार क्षेत्र में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया जाएगा। इस दौरान जंयती देवी, विमला देवी, नीमा देवी, मीना, माधुरी, विजय मेहरा, रमेश, प्रियांशु आदि मौजूद रहे।