🔳 थुआ के जंगल में विकराल हुई आग की लपटों से दहशत
🔳 हाईवे पर पत्थर व मलबा गिरने से आवाजाही हुई खतरनाक
🔳 घोड़ियां हल्सों व टापू में आग ने राख में तब्दील किया जंगल
🔳 शाल व शीशम के पेड़ों को भी पहुंचा नुकसान
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा बेतालघाट ब्लॉक के गांवों से सटे जंगलों में आग का तांडव लगातार जारी है। हाईवे से सटे थुआ के जंगल में विकराल हुई आग की लपटों से दहशत फ़ैल गई। पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने से हाईवे पर आवाजाही भी खतरनाक हो गई। घोडिया टापू व घोड़ियां हल्सों गांव से सटे जंगल में आग से बेशकिमती वन संपदा राख हो गई।
शनिवार को हाईवे पर अतिसंवेदनशील लोहाली क्षेत्र में थुआ का जंगल भीषण आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रुप धारण कर लिया। जंगल के बड़े हिस्से में फैली आग से उठते धुएं के गुबार को देख आसपास के क्षेत्रों के लोग भी दहशत में आ गए। पहाड़ी पर आग लगने से पत्थर व मलबे गिरने का सिलसिला शुरु होने से आवाजाही भी खतरनाक हो गई। घंटों तक जंगल धधकने से वन संपदा जलकर नष्ट हो गई जबकि जंगली जानवरों को भी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। वहीं ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट से सटे घोड़ियां टापू व घोड़ियां हल्सों गांव से सटे जंगल में आग से शाल व शीशम के पेड़ों को नुकसान पहुंचा। एक के बाद एक जंगल के धधकने से जहां तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है वहीं स्थानीय लोगों का पारा भी चढ़ने लगा है। लोगों ने जंगलों की आग को काबू करने में नाकाम हो चुके वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
