🔳 पंचायत चुनाव के मद्देनजर आबकारी विभाग ने उठाए कदम
🔳 दुकानों में लगे सीसीटीवी को जनपद व प्रदेश मुख्यालय से जोड़ा
🔳 अधिक मात्रा में शराब की खरीद करने वालों पर भी रहेगी नजर
🔳 चुनाव को प्रभावित करने वालों पर भी कसेगा शिकंजा
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर आबकारी विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। जनपद में संचालित सभी देशी व विदेशी मदिरा की दुकानों की निगरानी बढ़ा दी गई है। बकायदा दुकानों में लगे सीसीटीवी को जनपद मुख्यालय से ऑनलाइन कर देहरादून मुख्यालय स्तर से भी निगरानी की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी मिनाक्षी टम्टा के अनुसार अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लघंन मिलने पर दुकान संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में माहौल बदल गया है। अमूमन शांत रहने वाले गांवों में इन दिनों खूब चहल पहल है। प्रत्याशी कोई भी दांव बाकी नहीं छोड़ना चाहते इसके लिए महफिलों का दौर भी शुरु होने लगा है। निष्पक्ष चुनाव के मद्देनजर जहां पुलिस प्रशासन विशेष तैयारियों में जुटा है वहीं आबकारी विभाग भी अलर्ट मोड पर है। गांवों तक चुनाव को प्रभावित करने के लिए शराब की खेप न पहुंच सके इसके लिए आबकारी विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान के साथ ही विभाग ने अपने मुखबिर तंत्र को भी अलर्ट कर दिया है। वहीं सरकारी शराब की दुकानों से भी भारी मात्रा में शराब की खेप शांत गांवों तक न पहुंचे इसके लिए भी संबंधित विभाग ने विशेष इंतजाम कर लिए हैं। नैनीताल जनपद में संचालित अंग्रेजी शराब की 33 व देशी शराब की 32 दुकानों को भी रडार पर लिया गया है। सरकारी दुकानों में नियमों का उल्लघंन न हो सके और भारी मात्रा में शराब गांवों तक न पहुंचे इसके लिए दुकानों में लगे सीसीटीवी को जनपद मुख्यालय से ऑनलाइन कर देहरादून स्थित मुख्यालय से जोड़ा गया है। अधिक मात्रा में शराब की खरीद करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी मिनाक्षी टम्टा के अनुसार छापेमारी अभियान जारी है। चुनाव प्रभावित न हो सके इसके लिए सभी सरकारी दुकानों की भी निगरानी रखी जा रही है। साफ कहा की नियमों का पालन न होने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
