🔳 रातीघाट में बदहाल हालत में पहुंचा बीज विक्रय केंद्र
🔳 किसानों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से किया गया था स्थापित
🔳 अब किराए के भवन में संचालित किया जा रहा केंद्र
🔳 क्षेत्रवासियों ने भवन की मरम्मत किए जाने पर दिया जोर
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे बेतालघाट ब्लॉक के रातीघाट में वर्षों पूर्व बने कृषि विभाग के बीज विक्रय केंद्र की बदहाली संबंधित विभाग की अनदेखी की हकीकत बंया कर रही है। सरकारी भवन के खस्ताहाल हो जाने पर अब किराए के भवन में केंद्र संचालित किया जा रहा है पर विभाग अपनी खुद की संपत्ति को दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठा रहा। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी से क्षेत्रवासियों में भी गहरी नाराजगी है।
तमाम गांवों के मध्य में स्थित रातीघाट क्षेत्र में सरकार ने वर्षों पूर्व किसानों की सहायता के लिए बीज विक्रय केंद्र की स्थापना की। मंशा थी की किसानों को दूरदराज न भटकना पड़े और अनुदान में मिलने वाला बीज आसानी से उपलब्ध हो जाए। शुरुआत में किसानों को लाभ भी मिला पर विभागीय अनदेखी अब किसानों पर भारी पड़ गई है। देखरेख के अभाव में बीज विक्रय केंद्र के भवन के बदहाल हो जाने से अब विभाग ने दूसरी जगह भवन किराए पर लेकर बीज विक्रय केंद्र स्थापित कर दिया है। रातीघाट निवासी किशन चंद्र ने विभाग की खुद की संपत्ति होने के बावजूद किराए पर केंद्र संचालित किए जाने पर कृषि विभाग के अफसरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए है। किशन चंद्र के अनुसार रातीघाट क्षेत्र में भवन उपलब्ध होने के बावजूद दूसरी जगह संचालन किया जाना समझ से परे है। विभाग से खुद के भवन की मरम्मत कर केंद्र दोबारा रातीघाट में संचालित किए जाने की मांग उठाई है। क्षेत्र के किसानों ने भी भवन को दुरुस्त किए जाने पर जोर दिया है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि अब अनदेखी की गई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी उज्जवल उप्रेती के अनुसार उन्होंने अभी कुछ समय पूर्व ही ज्वाइन किया है। मामले में जानकारी जुटाएंगे। प्रयास किया जाएगा की भवन को दुरुस्त किया जा सके।

error: Content is protected !!