🔳खस्ताहाल हाइवे पर कदम कदम पर मंडरा रहा दुर्घटना का खतरा
🔳करोड़ों रुपये का बजट उपलब्ध होने के बावजूद हालात बद से बदतर
🔳जगह जगह कार्य अधूरे छोड़ने से जोखिम हुआ दोगुना
🔳हाइवे की अनदेखी पर चढ़ा पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों का पारा
🔳एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल
🔳अधिशासी अभियंता ने किया जल्द सुधार का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
कुमाऊं के सबसे महत्वपूर्ण हाइवे की बदहाल हालत से यात्री व पर्यटक जिंदगी दांव लगा खतरे के बीच आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। ये हालत तब है जब महत्वपूर्ण हाइवे की मरम्मत को सड़क व भूतल मंत्रालय एनएच विभाग को करीब 39 करोड़ रुपये का बजट तक दे चुका है। समुचित बजट उपलब्ध होने के बावजूद हाइवे पर लगातार बढ़ रहे खतरे से पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों में रोष व्याप्त है। एनएच के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार के अनुसार एनएच को दुरुस्त करने के लिए किए जा रहे कार्यों में तेजी लाई जाएगी। लापरवाही किए जाने पर कार्यदाई कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कुमाऊं के महत्वपूर्ण हाइवे में शुमार अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे की मरम्मत को लगभग 39 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट खर्च किया जा रहा है बावजूद हाइवे के हालातों में रत्ती भर सुधार नहीं दिख रहा। जगह जगह खस्ताहाल हालत में पड़े हाइवे पर पर्यटक व यात्री जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। कई जगह कार्य आधे अधूरे छोड़ दिए जाने खतरा कई गुना बढ़ चुका है। रातीघाट, दो पांखी, रामगढ़, कैंची, भोर्या बैंड़ समेत तमाम स्थानों पर हालात विकट है। पर्यटक सीजन नजदीक होने के बावजूद हाइवे दुरुस्त नहीं हो सका है। हाइवे की बदहाली से जाम भी एक बड़ी समस्या बन चुका है। बावजूद एनएच प्रशासन अनदेखी पर आमादा है। समुचित बजट उपलब्ध होने के बावजूद हाइवे की दुर्दशा से पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुबेर सिंह जीना, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह, गोविन्द सिंह विनोद मेहरा, तारा सिंह बिष्ट, रघुराज सिंह, महेंद्र सिंह बिष्ट आदि ने जल्द हाइवे को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द हालातों में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। इधर एनएच के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार के अनुसार हाइवे पर किए जा रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालात सुधारने को ठोस कदम उठाए जाएंगे।




