🔳 एक कमरे को अलमारी से विभाजित कर संचालित की जा रही कक्षाएं
🔳 समुचित कक्षा कक्ष न होने से खुले आसमान के नीचे भी बेहतर भविष्य का सपना देख रहे नौनिहाल
🔳 लंबे समय से बने हैं ऐसे हालात बावजूद नहीं टूट रही अफसरों की नींद
🔳 ग्राम प्रधान ने लगाया नौनिहालों के हितों से खिलवाड़ का आरोप
🔳 हल्द्वानी में शिक्षा मंत्री के सामने जोर-शोर से उठा मामला
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज तल्ली सेठी के हालात पहाड़ में शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। बेहतर भविष्य का सपना देखने वाले नौनिहाल जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे हैं बावजूद शिक्षा विभाग के अफसरों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। हालत ऐसे हैं की एक कमरे में अलमारी से विभाजन कर कक्षाएं संचालित की जा रही है यही नहीं कई कक्षाएं खुले आसमान के नीचे भी संचालित की जा रही है।
पर्वतीय क्षेत्रों में देश का भविष्य कहे जाने वाले नौनिहालों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लाख दावे किए जाएं पर बुनियादी सुविधाओं के लिए ही गांवों के नौनिहाल तरह रहे हैं। मल्ली सेठी क्षेत्र में संचालित जीआइसी के हालात तो शर्मशार कर देने वाले हैं। विद्यालय में आसपास के गांवों से करीब 129 नौनिहाल शिक्षा ग्रहण करने पहुंचते हैं पर लचर व्यवस्था का खामियाजा भुगतने को मजबूर होना पड़ रहा है। कक्षा कक्षों की कमी से छठी, सातवीं तथा आठवीं की कक्षाएं नजदीक बीआरसी भवन में संचालित की जा रही है। हाल नुमा कमरे में लोहे की अलमारियां लगाकर कमरे का विभाजन पर कक्षाएं संचालित की जा रही है। ऐसे हालातों में नौनिहाल कैसी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है‌। विद्यालय की स्थिति से शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान प्रताप कुमार ने भी विद्यालय के हालातों पर चिंता व्यक्त की है। बताया की जब वह विद्यालय पहुंचे तो वहां के हालात देखकर आंखें खुली की खुली रह गई। गांव के बच्चे बेहद बुरी स्थिति में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। ग्राम प्रधान के अनुसार समुचित कमरे न होने से कई कक्षाएं खुले आसमान के नीचे तो कई बरामदे में संचालित की जा रही है। ग्राम प्रधान ने व्यवस्था पर गहरा रोष व्यक्त कर बच्चों के हितों से खिलवाड़ किए जाने का आरोप भी लगाया। मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जयसवाल के अनुसार जल्द निरीक्षण करवाकर रिपोर्ट मांगी जाएगी। रिपोर्ट उपलब्ध होते ही यथासंभव कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा मंत्री के सामने भी जोर-शोर से उठा मामला

रविवार को शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत के हल्द्वानी दौरे के दौरान भी जीआइसी तल्लीन सेठी में स्थित विद्यालय की स्थिति का मामला जोर-शोर से उठा। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंप विद्यालय के हालातों की जानकारी दी। बताया की आसपास के दर्जनों गांवों से नौनिहाल तल्ली सेठी स्थित विद्यालय में पढ़ते हैं पर विद्यालय की दयनीय हालत नौनिहालों के हितों से खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने शिक्षा मंत्री से मामले में कार्रवाई की मांग की। शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

error: Content is protected !!