🔳महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में निकाली कलश यात्रा
🔳पुरुषोत्तम भगवान राम के जयकारों से गूंजायमान हुई कोसी घाटी
🔳कलाकारों ने दमदार प्रस्तुति के दम पर दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
🔳पहले दिन ही सैकड़ों लोग पहुंचे रामलीला मैदान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के जोशीखोला गांव में ग्रीष्मकालीन रामलीला महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया। गांव की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में कलश यात्रा निकाली। पुरुषोत्तम भगवान राम के जयकारों से समूची कोसी घाटी गुंजायमान हो उठी।
मंगलवार को जोशीखोला गांव स्थित रामलीला मैदान में धर्माचार्यों ने विधि विधान व विशेष मंत्रोच्चार के साथ यजमानों से धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। पूजा अर्चना के बाद गांव की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में कोसी नदी से जल लेकर क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली। ढोल नगाड़ों के साथ निकाली गई कलश यात्रा में भगवान राम के जयकारों से समूचा माहौल राममय हो उठा। क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि को विशेष प्रार्थना भी की गई। शाम को रामलीला कमेटी पदाधिकारियों ने संयुक्त रुप से महोत्सव का शुभारंभ किया। कलाकारों ने दमदार प्रस्तुति के दम पर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पहले दिन ही आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग रामलीला महोत्सव का लुत्फ उठाने जोशीखोला गांव स्थित रामलीला मैदान पहुंचे। समिति अध्यक्ष शिवदत्त जोशी के अनुसार इस वर्ष भी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समिति उपाध्यक्ष दामोदर जोशी व चिंतामणि सती, कोषाध्यक्ष आंनद पांडे, संरक्षक गोविंद पांडे, व्यवस्थापक रमेश तिवारी, कौस्तुभ जोशी, हेम जोशी, विनोद तिवारी, राजेंद्र जोशी आदि ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।