🔳 हाईवे के बीचोंबीच बैठने से आवाजाही हुई प्रभावित
🔳 पशुओं को बामुश्किल हटाए जाने के बाद सुचारु हो सका यातायात
🔳 बड़ी परेशानी बनते जा रहे बाजार में घूम रहे बेसहारा पशु
🔳 खतरा बन रहे पशुओं को गौसदन भेजने की मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
गरमपानी क्षेत्र में गौवंशीय पशुओं के हाईवे के बीचोंबीच बैठने से यातायात प्रभावित हो गया। दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने हाईवे के बीचोंबीच बैठे पशुओं को हटाया तब जाकर बामुश्किल यातायात सुचारु हो सका। गौवंशीय पशुओं का झुंड बाजार क्षेत्र में परेशानी का सबब बन गया है। आवाजाही करने वालों पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है।
शुक्रवार को गरमपानी क्षेत्र में एकाएक गौवंशीय पशुओं के झुंड ने हाईवे के बीचोंबीच डेरा डाल दिया। दो पहिया वाहन चालकों ने अपने वाहन निकाल लिए पर चौपहिया वाहन के लिए जगह न होने से आवाजाही ठप हो गई। वाहन चालकों ने पशुओं को हटाने के लिए हार्न का इस्तेमाल किया पर पशुओं का झुंड टस से मस नहीं हुआ। लगातार जाम की स्थिति देख स्थानीय लोगों ने पशुओं को हटाने का प्रयास शुरु किया। बामुश्किल पशुओं को हटाया जा सका। यातायात शुरु होने पर वाहन चालकों व यात्रियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय गजेंद्र सिंह बिष्ट व मनीष तिवारी के अनुसार गांवों से पशुओं को लाकर बाजार क्षेत्र में बेसहारा छोड़ दिया जा रहा है। पशुओं की बढ़ती संख्या से बाजार क्षेत्र में आवाजाही मुश्किल होती जा रही है। स्कूली बच्चों की जिंदगी पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। वीरेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज सिंह, गोविन्द सिंह नेगी, फिरोज अहमद, कुंदन सिंह, कैलाश, संजय सिंह आदि ने पशुओं को गौसदन भेजने की पुरजोर मांग उठाई है ताकि बाजार क्षेत्र में आवाजाही सुरक्षित हो सके।
