🔳मझेडा़ गांव स्थित गोलज्यू मंदिर तक आग पहुंचने से हड़कंप
🔳गांव के युवाओं ने आग बुझाने को चलाया अभियान
🔳तीन घंटे की मशक्कत के बाद बामुश्किल पाया जा सका काबू
🔳एक के बाद एक जंगल आग से होते जा रहे स्वाहा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग से सटी पहाड़ी से धधकी आग मझेडा़ गांव में स्थित गोलू देवता मंदिर के नजदीक तक पहुंचने से हड़कंप मच गया। आनन फानन में गांव के युवाओं ने आग पर काबू पाने को अभियान शुरु किया। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मंदिर तक पहुंच चुकी आग पर काबू पाया जा सका। युवाओं ने जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
जंगलों में आग की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही। एक के बाद एक जंगल आग की चपेट में आ रहे हैं। बीते दिनों समीपवर्ती खैरनी व नौघर ग्राम पंचायत के चौखुडिया तोक में आबादी तक पहुंची आग पर समय से काबू किए जाने से बड़ी घटना टल गई। आसपास के जंगलों में लगी आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी की अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग से सटे मझेडा़ गांव के जंगल को आग ने चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें विकराल होती चली गई। पहाड़ी के ठिक उपर मझेडा़ गांव के गोलज्यू देवता मंदिर परिसर के नजदीक तक लपटें पहुंचने से अफरा तफरी मच गई। गांव के दीपक पांडे, दर्शन पांडे, खजान त्रिपाठी, मोहन पांडे, गिरीश पांडे, रमेश पांडे भाष्कर पांडे आदि युवाओं ने मंदिर परिसर के समीप पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरु किया। हवा के तेज झोंकों से बेकाबू होती जा रही आग पर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल काबू पाया जा सका। समय रहते युवा नहीं पहुंचते तो मंदिर परिसर को आग भारी नुक्सान पहुंचाती। ग्राम प्रधान भास्कर चंद्र व क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।




