🔳कुमाटी गांव से सटे जंगल में धधकी आग बुझाने उतरी युवाओं की टीम
🔳आबादी की ओर बढ़ती आग की लपटों पर समय रहते पाया काबू
🔳आग की चपेट में आकर बेशकिमती वन संपदा हुई राख
🔳आबादी तक पहुंची आग तो हो सकती थी बड़ी घटना
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामगढ़ ब्लॉक के कुमाटी गांव से सटा जंगल भीषण आग की चपेट में आ गया। कई हेक्टेयर क्षेत्र में वन संपदा आग की भेंट चढ़ गई। नव युवक मंगल दल प्यूडा़ के युवाओं ने आग पर काबू पाने को विशेष अभियान चलाया। लगभग ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका हालांकि चीड़ के पेड़ सुलगते रहे।
रविवार को कुमाटी गांव से सटे जंगल में एकाएक आग धधक उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रुप ले लिया। चीड़ के पेड़ भी आग की चपेट में आकर धूं-धूं कर जल उठे। जंगल से उठी आग के प्यूडा़ गांव की ओर बढ़ने से नव युवक मंगल दल के सदस्य हरकत में आ गए। युवाओं की टीम ने गांव बचाने को आग बुझाने को कवायद शुरु की। हवा के तेज झोंकों ने आग की रफ्तार बढ़ा दी। आग की लपटें तेज होने से नव युवक मंगल दल के सदस्यों को काफि परेशानी का सामना करना पड़ा बावजूद युवाओं ने हार नहीं मानी। करीब ढाई घंटे की जद्दोजहद के बाद बामुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। आग से लाखों रुपये की बेशकीमती वन संपदा को नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। कई चीड़ के पेड़ भी आग की चपेट में आकर राख हो गए। इस दौरान जीवन, त्रिभुवन, लाखन, कुंदन, मानस, भीम सिंह आदि मौजूद रहे।




