🔳जगह जगह अधूरे कार्य, गड्डे व धंसा हाइवे कर रहा बदहाली की हकीकत बयां
🔳समुचित बजट उपलब्ध होने के बावजूद हाल बदहाल
🔳जिलाधिकारी के आदेशों का भी नहीं दिख रहा असर
🔳पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने विभागीय कार्यप्रणाली को ठहराया जिम्मेदार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

सरकार ने चार धाम यात्रा का श्रीगणेश कर दिया गया है‌ पर यात्रा मार्ग की सुध नहीं ली जा रही। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से चार धाम यात्रा के लिए सैकड़ों श्रद्धालु आवाजाही करते हैं पर हाइवे की हालत नाज़ुक बनी हुई है। भारी भरकम बजट मिले लंबा समय बीतने के बावजूद हाइवे की हालत में सुधार नहीं हो सका है ऐसे में श्रद्धालुओं को आवाजाही में तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। हाइवे की हालत दयनीय होने पर पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने रोष व्यक्त किया है।
कुमाऊं की महत्वपूर्ण लाइफ लाइन यानि अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से चार धाम यात्रा के लिए श्रद्धालु आवाजाही करते हैं। साथ ही हेमकुंड साहिब को भी श्रद्धालुओं का जत्था इसी मार्ग से आगे बढ़ता है। लंबे समय से हाइवे को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई जा रही है पर सुध नहीं ली जा रही अब चार धाम यात्रा व पर्यटन सीजन शुरु होने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। भवाली से खैरना तक हालात विकट है। अधूरे छोड़े गए निर्माण जोखिम बड़ा रहे हैं तो वहीं जगह जगह गड्ढों व भू-धंसाव की जद में आ चुके हाइवे से दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। बदहाल हाइवे पर जाम भी मुसीबत बन चुका है। जिलाधिकारी वंदना सिंह के बीते दिनों हाइवे को दुरुस्त करने के निर्देशों का भी असर नहीं दिख रहा। अब जब यात्रा शुरु हो चुकी है और पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा हो चुका है ऐसे में बदहाल हाइवे पर आवाजाही करना ही नियति है। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह बिष्ट, विक्रम सिंह आदि ने एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की लगातार हाइवे को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई जा चुकी है पर सुध नहीं ली जा रही।

error: Content is protected !!