🔳 बाल बाल बचे वाहन चालक, राहगीर व व्यापारी
🔳 बाजार में आवासीय मकान से टकराए पत्थर
🔳 आए दिन पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों से बढ़ता जा रहा खतरा
🔳 स्थानीय लोगों ने भूस्खलन रोकने में मददगार पौधे रोपे जाने की उठाई मांग
{{{ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट}}}}

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर गरमपानी स्थित शनि मंदिर के समीप पहाड़ी से एकाएक गिरे पत्थरों से अफरा तफरी मच गई। पत्थरों के टुकड़े एक मकान से तक जा टकराए। गनीमत रही की पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में कोई राहगीर नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
गरमपानी बाजार क्षेत्र के ठिक ऊपर थुआ की पहाड़ी जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। बारिश के साथ ही अब धूप में भी पहाड़ी दरकने लगी है। सोमवार सुबह एकाएक पहाड़ी में हुई जोरदार आवाज के साथ भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरु हो गए। एकाएक पहाड़ी से गिरे पत्थरों से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहगीर व व्यापारी पत्थरों से बचने को इधर उधर भागे। पहाड़ी से गिरे पत्थर हाइवे पर स्थित एक आवासीय भवन से भी जा टकराए। गनीमत रही की भवन स्वामी बाहर थे। पत्थरों की चपेट में आने से हाइवे पर आवाजाही कर रहे वाहन, राहगीर व स्थानीय व्यापारी भी बाल बाल बच गए और बड़ी अनहोनी टल गई। आए दिन पहाड़ी से पत्थरों के गिरने की घटना से बाजार क्षेत्र में खतरा बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी पर भूस्खलन रोकने में मददगार पौधे रोपे जाने की पुरजोर मांग उठाई है।