🔳पंचायत प्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक जल संस्थान को भेजा शिकायती पत्र
🔳हरिनगर – हरतोला पंपिंग पेयजल योजना का मामला
🔳कई बार कहने के बावजूद सुनवाई न होने पर जताई नाराजगी
🔳भविष्य में पाइपों के क्षतिग्रस्त होने का जताया अंदेशा
🔳मिलीभगत से गुणवत्ताविहीन पाइपों के इस्तेमाल पर जताया रोष
🔳अधिशासी अभियंता ने किया जांच का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवों में जल जीवन मिशन योजना में बड़े भ्रष्टाचार के आरोप सामने आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों ने साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हरिनगर- हरतोला पंपिंग पेयजल योजना में घटिया स्तर के पाइपों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है। बकायदा जल संस्थान के महाप्रबंधक को शिकायती पत्र भेज जांच की मांग उठाई है। चेताया है की यदि जल्द पाइपों को नहीं बदला गया तो आंदोलन को विवश होना पड़ेगा। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान के अनुसार पाइपों की जांच करवाई जाएगी।
गांवों में पानी का सूखा खत्म करने को लाखों करोड़ों रुपये की सरकारी धनराशि से जल जीवन मिशन योजना का कार्य गतिमान है। तमाम गांवों में योजना के कार्यों पर सवाल उठते आ रहे हैं। वहीं अब बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने को साढ़े तीन करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से तैयार की जा रही हरिनगर- हरतोला पंपिग पेयजल योजना में गुणवत्ताविहीन पाइपों के इस्तेमाल का आरोप लगा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने जल संस्थान के महाप्रबंधक को शिकायती पत्र भेज बताया है की योजना के कार्य में घटिया स्तर का जंक लगा पाइप इस्तेमाल किया जा रहा है। करोड़ों रुपये का बजट होने के बावजूद पाइपों में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। ऐसे में भविष्य में पाइपों के टूटने का अंदेशा भी जताया। कई बार कहने के बावजूद घटिया पाइपों का इस्तेमाल किया जा रहा है। विभागीय अधिकारी भी अनदेखी पर आमादा है। मामले की जांच की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि अनदेखी की गई तो फिर क्षेत्रवासियों को साथ लेकर आंदोलन को विवश होना पड़ेगा। शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान थुआ ब्लॉक सरस्वती देवी, प्रधान हरिनगर हरतोला एस लाल, प्रधान हरतोला राजेश्वरी टम्टा, बीडीसी मंजू आर्या आदि के हस्ताक्षर हैं। इधर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान के अनुसार पाइपों की जांच करवाई जाएगी। गुणवत्ता सही नहीं होने पर पाइप हटवाए जाएंगे।




