🔳 जीआईसी ढोकाने के विद्यार्थियों से साझा की अहम जानकारियां
🔳 घरों में भी अहतिहात बरतने का किया गया आह्वान
🔳 तेरह किलोमीटर गश्त कर लोगों को किया जागरुक
🔳 खतरे वाले क्षेत्रों में विद्यार्थियों को स्कार्ट कर पहुंचाया जा रहा स्कूल
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
मानव वन्यजीव संघर्ष पर प्रभावी अंकुश को वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। उत्तरी गौला रेंज की टीम ने जीआइसी ढोकाने में जागरुकता शिविर लगाकर विद्यार्थियों को कई अहम जानकारियां दी। जागरुकता अभियान के बाद करीब तेरह किलोमीटर गश्त की गई। स्कूली बच्चों को निगरानी में स्कूल से गांव तक पहुंचाने को भी अभियान चलाया। वन्यजीवों की गतिविधियों का पता लगाने को जगह-जगह ट्रैप कैमरे भी स्थापित किए गए।
बुधवार को उत्तरी गौला रेंज की टीम ने वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट की अगुवाई में विशेष जागरुकता अभियान चलाया। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे ढोकाने क्षेत्र में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को मानव वन्यजीव संघर्ष रोकने को अहम जानकारियां दी गई। विद्यार्थियों को सुरक्षित रहने तथा वन्य जीवों से के साथ शांतिपूर्ण सह अस्तित्व बनाए रखने का आह्वान किया गया। वन क्षेत्राधिकारी ने गुलदार से आमना सामना होने की दशा में दी जाने वाली प्रतिक्रिया व सावधानियों के विषय पर विस्तार से चर्चा की। घरों के आसपास झाड़ियां की निरंतर सफाई, प्रकाश की समुचित व्यवस्था तथा अकेले घर से बाहर न निकलने की अपील की।जागरुकता अभियान के बाद चोकाने से हरतोला तक करीब तेरह किलोमीटर दायरे में गश्त भी की गई। वन क्षेत्र अधिकारी विजय भट्ट ने बताया कि ड्रोन के माध्यम से भी लगातार वन क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। खतरे वाले स्थान पर बच्चों को एस्कॉर्ट कर स्कूल पहुंचाया जा रहा है। इस दौरान प्रधानाचार्य डा. मनोज गैड़ा, ग्राम प्रधान तरुण कांडपाल, नर सिंह अधिकारी, पंकज सिंह, कुंदन कुमार, मोतीराम आदि मौजूद रहे।




