🔳 वर्तमान व पूर्व ग्राम प्रधान ने उठाई जांच की मांग
🔳 पांगकटारा ग्राम पंचायत के गडखेत तोक में मिली थी स्वीकृति
🔳 1.30 लाख रुपये के बजट से होना है कार्य
🔳 बीडीओ बोले – करवाई जाएगी मामले की जांच
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के पांगकटारा ग्राम पंचायत के गड़खेत तोक में विधायक निधी से स्वीकृत कार्य को दूसरे तोक में करवाए जाने से ग्राम प्रधान ने नाराजगी व्यक्त कर मामले की जांच की मांग उठा दी है। आरोप लगाया है की गड़खेत तोक में 1.30 लाख रुपये के कार्य को मनमाने ढंग से दूसरे तोक में किया जा रहा है जो नियमानुसार गलत है। बीडीओ बेतालघाट पंकज जोशी के अनुसार मामले की जांच करवाई जाएगी।
विधायक निधि से पांगकटारा ग्राम पंचायत के गडखेत तोक में 1.30 लाख रुपये की लागत से सीसी निर्माण के कार्य को स्वीकृति मिली है। बजट मिलने से गांव के लोगों को उम्मीद थी की अब खस्ताहाल रास्ते में आवाजाही से निजात मिलेगी तथा सीसी निर्माण होने से आवाजाही सुगम हो सकेगी पर एकाएक विधायक निधि से स्वीकृत बजट से गडखेत तोक के उलट पतवातोक क्षेत्र में सीसी निर्माण का कार्य शुरु कर दिए जाने से ग्राम प्रधान महिमा शाही ने गहरी नाराजगी जता दी है। आरोप लगाया की नियमों को ताक में रख स्वीकृत स्थान के उलट दूसरी जगह कार्य करवाया जा रहा है जो एकदम ग़लत है। पूर्व प्रधान त्रिलोक सिंह शाही ने भी मिलीभगत का आरोप लगा जगह में परिवर्तन करने पर रोष जताया है। पूर्व व वर्तमान प्रधान ने मामले में तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई है। दो टूक कहा की यदि मनमानी की गई तो गांव के लोग आंदोलन को विवश हो जाएंगे। खंड विकास अधिकारी पंकज जोशी के अनुसार मामले की जांच करवाई जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।




