🔳विद्यालय के सैकड़ों नौनिहाल व गुरुजन परेशान
🔳लो वोल्टेज के कारण आपूर्ति नहीं हो सकी बाहल
🔳जल संस्थान आपूर्ति सुचारु में जुटा
🔳सप्ताहभर से पंपिग न होने से ठप है आपूर्ति
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) में सप्ताहभर बाद भी पानी की आपूर्ति ठप है। पंप सही होने के बाद अब वोल्टेज समस्या बन चुकी है। आपूर्ति प्रभावित होने से साढ़े चार से ज्यादा विद्यार्थियों के साथ ही विद्यालय स्टाफ भी परेशान हैं। जल संस्थान के सहायक अभियंता के अनुसार जल्द आपूर्ति सुचारु किए जाने को प्रयास किए जा रहे हैं।
हाइवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) में कोसी नदी से पंपिग के जरिए पानी की आपूर्ति की जाती है। सप्ताहभर पूर्व पंप में तकनीकी खराबी आने से आपूर्ति ठप हो चुकी है। विद्यालय में अध्ययनरत साढ़े चार सौ से ज्यादा विद्यार्थियों तथा सौ से अधिक शिक्षकों व कार्यालय स्टाफ को पानी उपलब्ध न होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि जल संस्थान ने टैंकर के जरिए पानी की आपूर्ति शुरु कर दी है पर वह भी नाकाफी साबित हो रहा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य पीसी उपाध्याय के अनुसार परेशानी बढ़ते ही जा रही है। इधर जल संस्थान ने पंप की मरम्मत कर दोबारा आपूर्ति के प्रयास किए पर अब लो वोल्टेज के कारण पंपिग प्रभावित हो चुकी है। समुचित वोल्टेज न मिलने से पंप कार्य नहीं कर पा रहा। जल संस्थान के सहायक अभियंता दलीप सिंह बिष्ट के अनुसार प्रयास किया जा रहा है की जल्द आपूर्ति सुचारु की जा सके। विद्युत विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क साधा जा रहा है।




