◾ कत्यागाढ़ पुल के समीप पहाड़ी से हुए भूस्खलन ने रोकी ली थी रफ्तार
◾ चार मशीनों से बामुश्किल तोड़ी जा सकी भारी भरकम चट्टानें
◾ हाइवे खुलने के बाद यात्रियों व वाहन चालकों ने राहत की सांस
◾ पहाड़ी से खतरा बरकरार, रात के वक्त प्रतिबंधित रहेगी आवाजाही
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर बामुश्किल बीस घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका। सुयालबाडी़ बाजार से कुछ आगे कत्यागाढ़ पुल के समीप पहाड़ी से हुए भारी भूस्खलन से हाइवे बीते रात दस बजे से बंद था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने रुट डायवर्ट भी किया था। दिन के वक्त कुछ देर बडे़ वाहनों की आवाजाही करवाई गई पर एक बार फिर मलबा गिरने से आवाजाही ठप हो गई। देर शाम मलबा हटाए जाने के बाद बामुश्किल यातायात सुचारु हुआ। हाइवे पर यातायात सुचारु होने से यात्रियों ने भी राहत की सांस ली।
दरअसल बीते गुरुवार को दिन भर हुई मूसलाधार बारिश के बाद रात दस बजे के आसपास सुयालबाडी़ बाजार से आगे कत्यागाढ़ पुल के समीप पहाड़ी से भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ से बड़ी बड़ी चट्टानें तथा मलबा हाइवे पर आ गिरा। सूचना पर पुलिस टीम के साथ एनएच कर्मी भी मौके पर पहुंचे। लोडर मशीन की मदद से हाइवे खोलने के प्रयास शुरु किए गए पर पहाड़ी से लगातार पत्थर व मलबा गिरने से कई बार कार्य प्रभावित हुआ। खतरे को देख देर रात मलबा हटाने का कार्य रोक दिया गया। शुक्रवार तड़के एक बार फिर कार्य शुरु किया गया। दिन भर चार मशीनों के जरिए कड़ी मशक्कत के बाद भारी चट्टानों को तोड़कर हटाया जा सका तब तकरीबन करीब तीन बजे कुछ बडे़ वाहनों को निकाला ही जा सका था की एक बार फिर पहाड़ी से भूस्खलन शुरु हो गया। खतरे को भांप आवाजाही रोक दी गई। एक बार फिर मलबा हटाने का अभियान शुरु किया गया। बामुश्किल करीब छह बजे मलबा व पत्थर हटा हाइवे को यातायात के लिए खोला जा सका। पहाड़ से आ जा रहे वाहनों के चालक दिन भर हाइवे खुलने के इंतजार में बैठे रहे। हाइवे पर यातायात सुचारु होने के बाद वाहन चालकों तथा यात्रियों ने राहत की सांस ली।

रात के वक्त प्रतिबंधित रहेगी आवाजाही

हाइवे पर कत्यागाढ़ पुल के समीप हुए भूस्खलन से पहाड़ी कमजोर पड़ चुकी है। कई पत्थर अब भी गिरताऊ हालत में है ऐसे में कभी भी बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर एनएच पर रात के वक्त आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली के अनुसार सुरक्षा को ध्यान में रख फिलहाल रात के वक्त आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। बताया की दोबारा निरीक्षण के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।

error: Content is protected !!