🔳 हादसे में स्कूटी सवार दो लोग गंभीर घायल
🔳 सीएचसी गरमपानी में किया गया दोनों का उपचार
🔳 क्षेत्रवासियों ने टक्कर मारने वाले कार चालक के खिलाफ कार्रवाई पर दिया जोर
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर चमड़ियां बाजार के समीप तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया। क्षेत्रवासियों ने तेज रफ्तार वाहन दौड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
बुधवार को अल्मोड़ा निवासी यादव चंद्र पांडेय तथा खजान चंद्र स्कूटी यूके 06 बीएम 4612 में सवार होकर आवश्यकीय कार्य से श्री कैंची धाम तहसील मुख्यालय पहुंचे। कार्य निपटाने के बाद दोनों खैरना से अल्मोड़ा की ओर रवाना हुए। दोनों हाईवे पर चमड़ियां बाजार के समीप पहुंचे ही थे की एकाएक पीछे से आ रही तेज रफ्तार अल्टो कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से दोनों हाईवे पर रपटते चले गए। स्कूटी सवारों को टक्कर मारने के बाद कार चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया। स्कूटी सवारों के बुरी तरह चोटिल होने व घटना की सूचना पर खैरना चौकी से होमगार्ड धर्मेंद्र कुमार व सुरेश चंद्र मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन से उपचार के लिए गरमपानी स्थित अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का उपचार किया। गनीमत रही की बड़ी अनहोनी टल गई। क्षेत्रवासियों के अनुसार तेज रफ्तार वाहन दुर्घटना का सबब बनते जा रहे हैं जिससे कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। लोगों ने स्कूटी सवारों को टक्कर मारकर भागने वाले कार चालक के खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया है।
