🔳 सप्ताहभर में दस से ज्यादा लोग उपचार कराने पहुंचे अस्पताल
🔳 लगातार बढ़ते मामलों से गांवों के लोग चिंतित
🔳 आए दिन लोगों को काटने दौड़ रहे जानवर
🔳 क्षेत्रवासियों ने समस्या के समाधान को ठोस उपाय किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में बंदर, बिल्ली व कुत्तों के हमलावर होने के मामलों में बढ़ोतरी हो गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दर्ज आंकड़े इसकी पुष्टि कर रहे हैं। सप्ताहभर में ही आसपास के गांवों से दस से ज्यादा लोग उपचार को अस्पताल पहुंच चुके हैं। सीएचसी के चिकित्सक डा. रोहित कुमार के अनुसार जानवरों के काटने से घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

गांवों में कटखने बंदर, कुत्ते तथा बिल्ली लोगों के लिए मुसीबत बन चुके हैं। आए दिन गांवों से लोग जानवरों के काटने से घायल होकर अस्पताल को रुख कर रहे हैं। सप्ताहभर में ही खैरना, टूनाकोट लोहाली, गरजोली, छड़ा, हरीनगर, मटेला, मझेडा़, बिल्लेख, जौरासी, उल्गौर आदि गांवों से ग्रामीण बंदर, कुत्ते तथा बिल्ली के काटने से घायल हो चुके हैं। लगातार बढ़ रहे आंतक से गांवों के लोगों में दहशत व्याप्त है। कटखने बंदर घरों के अंदर तक घुसपैठ कर दे रहे हैं भगाने पर झपट कर लोगों को घायल कर दे रहे हैं। खतरा लगातार बढ़ते ही जा रहा है वहीं कुत्ते व बिल्लियों के कटखने होने से गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। धनियाकोट निवासी कृपाल सिंह मेहरा के अनुसार बंदरों ने गांवों में रहना मुश्किल कर दिया है। खेतों में उपज को बर्बाद करने के बाद अब काटने दौड़ रहे हैं। सीएचसी के चिकित्सक डा. रोहित ने बताया की सभी घायलों को प्राथमिकता से उपचार किया जा रहा है। रैबिज के इंजेक्शन भी समुचित मात्रा में उपलब्ध है। चिकित्सक ने लोगों से उपचार के दौरान विशेष अहतिआत बरतने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *