🔳 लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने अपनाया सख्त रुख
🔳 शहीद बलवंत सिंह भुजान – बर्धो मोटर मार्ग से जुड़ा है मामला
🔳 बजट की स्वीकृति व टेंडर के बावजूद शुरु नहीं हो सका है कार्य
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय समेत तमाम गांव को जोड़ने वाले शहीद बलवंत सिंह बर्धो भुजान मोटर मार्ग पर करोड़ दस करोड़ से अधिक के बजट की स्वीकृति व टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने की तीन महीने बाद भी कार्य शुरु न होने पर अब लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने सख्त रुख अपना लिया है। ठेकेदार को पंद्रह दिनों के अंदर कार्य शुरु करने का नोटिस भेजा गया है। अधिशासी अभियंता के अनुसार कार्य शुरु न होने पर बांड निरस्त करने की कार्रवाई शुरु की जाएगी।

कारगिल शहीद बलवंत सिंह मेहरा के नाम से बने भुजान बर्धो मोटर मार्ग की दुर्दशा से तमाम गांवों के लोग परेशान है। गांव के लोगों को आवाजाही में दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली से कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आने का अंदेशा बना हुआ है। मोटर मार्ग की बदहाली की समस्या लगातार उठने के बाद राज्य सरकार ने सड़क के सुधारीकरण को दस करोड रुपये के बजट को हरी झंडी दी। बजट स्वीकृति से ग्रामीणों को मोटर मार्ग पर आवाजाही सुगम होने की उम्मीद जगी। विभागीय अधिकारियों ने भी कार्य में तेजी लाते हुए समय पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई पर अब टेंडर प्रक्रिया को तीन महीने बीतने के बावजूद मोटर मार्ग की हालत जस की तस है। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने भी कार्य लंबित होने पर गहरी नाराजगी जताई। कार्य शुरु न होने पर अब लोनिवि ने भी सख्त रवैया अपना लिया है। विभाग के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार ठेकेदार को नोटिस भेज पंद्रह दिनों में कार्य शुरु करने की चेतावनी दी गई है। यदि पंद्रह दिन में कार्य शुरु नहीं हुआ तो ठेकेदार का बांड निरस्त कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *